खबर वर्ल्ड न्यूज-शिव तिवारी-बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में शनिवार का दिन मौसम के लिहाज से काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी और उमस की मार झेल रहे शहरवासियों को शनिवार दोपहर बाद हुई झमाझम बारिश ने बड़ी राहत दी है। आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ हुई इस वर्षा से पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पूरा शहर खुशनुमा माहौल में सराबोर हो गया है।
शनिवार सुबह से ही शहर में तेज धूप और नमी के कारण उमस का स्तर काफी अधिक था। दोपहर करीब 2:30 बजे के बाद अचानक आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया और देखते ही देखते तेज धूल भरी आंधी चलने लगी। इसके तुरंत बाद शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने शहर की सड़कों को तरबतर कर दिया।


