घर-घर पीएनजी से मातृशक्ति को धुएं से मुक्ति, समय और पैसे की बचत होगी
खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष पाठक-मुंगेली। भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन की पूर्व सदस्य रत्नावली कौशल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में ‘छत्तीसगढ़ शहरी गैस वितरण नीति-2026’ को मंजूरी दिए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि घरों तक पाइपलाइन से गैस पहुंचाने की यह नीति महिलाओं के जीवन को आसान बनाने और ‘धुआं मुक्त रसोई’ के सपने को पूरा करने वाला ऐतिहासिक निर्णय है।
रत्नावली कौशल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने उज्ज्वला योजना के माध्यम से करोड़ों बहनों को चूल्हे के धुएं से आजादी दिलाई थी। अब मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार ‘वन नेशन, वन गैस ग्रिड’ के तहत घर-घर पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) पहुंचाकर उस क्रांति को अगले स्तर पर ले जा रही है। पीएनजी, एलपीजी सिलेंडर की तुलना में सस्ती, सुरक्षित और 24 घंटे उपलब्ध रहेगी।
महिलाओं और SC-ST परिवारों को सीधा लाभ
रत्नावली कौशल ने कहा कि इस नीति का सबसे बड़ा लाभ शहरी गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार और अनुसूचित जाति-जनजाति की बहनों को मिलेगा। बार-बार सिलेंडर बुक करना, एजेंसी के चक्कर लगाना, सिलेंडर ढोना और खत्म होने की चिंता से अब मातृशक्ति को मुक्ति मिलेगी। पीएनजी हवा से हल्की होती है, इसलिए लीकेज होने पर भी दुर्घटना का खतरा नहीं रहता। इससे रसोई सुरक्षित होगी और बहनों का समय बचेगा, जिसे वे बच्चों की पढ़ाई, स्वरोजगार या अन्य उत्पादक कार्यों में लगा सकेंगी।
उन्होंने कहा कि पाइपलाइन अधोसंरचना के विकास से शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी बड़े पैमाने पर निवेश आएगा। इससे गैस फिटिंग, मेंटेनेंस, मीटर रीडिंग जैसे कार्यों में स्थानीय युवाओं, विशेषकर SC-ST वर्ग के बेटे-बेटियों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। छोटे होटल, ठेले, डेयरी और स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित खाद्य इकाइयों की लागत भी कम होगी।रत्नावली कौशल ने उपमुख्यमंत्री अरुण साव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने कैबिनेट निर्णयों की पारदर्शी जानकारी जनता तक पहुंचाई। ‘डबल इंजन सरकार’ लगातार महिला हितैषी फैसले ले रही है। यह नीति ‘विकसित भारत’ और ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प में महिलाओं की भागीदारी को और मजबूत करेगी।
रत्नावली कौशल ने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने दशकों तक महिला आरक्षण और सुविधाओं के नाम पर केवल राजनीति की, जबकि भाजपा सरकार ने उज्ज्वला से लेकर पीएनजी तक, हर कदम पर महिलाओं का जीवन बदला है। भाजपा महिला मोर्चा इस नीति को बूथ स्तर तक ले जाएगी ताकि हर बहन योजना से जुड़कर लाभ ले सके।


