खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-नारायणपुर। जिले के आत्मसमर्पित नक्सल प्रभावित हितग्राहियों के सर्वांगीण पुनर्वास एवं सामाजिक मुख्यधारा में पुनः एकीकरण की दिशा में निरंतर प्रभावी पहल की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर नम्रता जैन, के निर्देशानुसार एवं मार्गदर्शन में जिला परियोजना लाइवलीहूड कॉलेज नारायणपुर अंतर्गत संचालित पुनर्वास केन्द्र में निवासरत आत्मसमर्पित हितग्राहियों के मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु विशेष मतदाता पंजीयन अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान के अंतर्गत पुनर्वास केन्द्र में उपस्थित आत्मसमर्पित हितग्राहियों के मतदाता सूचि में नाम दर्ज कराने हेतु आवश्यक आवेदन फॉर्म पटवारी के माध्यम से पूर्ण कराए गए, जिससे वे अपने संवैधानिक मताधिकार का प्रयोग कर सकें। यह पहल आत्मसमर्पित हितग्राहियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ने, नागरिक पहचान सुनिश्चित करने तथा समाज में उनकी गरिमामय भागीदारी को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
इस अवसर पर डॉ. सुमित गर्ग, डिप्टी कलेक्टर एवं एसडीएम ओरछा, सह नोडल अधिकारी पुनर्वास केन्द्र, द्वारा हितग्राहियों को वोटर आईडी कार्ड की आवश्यकता एवं उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि वोटर आईडी कार्ड न केवल मतदान के अधिकार का आधार है, बल्कि यह एक महत्वपूर्ण शासकीय पहचान पत्र के रूप में विभिन्न शासकीय योजनाओं, बैंकिंग सेवाओं, शैक्षणिक, सामाजिक एवं आर्थिक लाभों को प्राप्त करने में भी अत्यंत उपयोगी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वोटर आईडी कार्ड निर्माण हेतु किन-किन दस्तावेजों की आवश्यकता होती है, आवेदन प्रक्रिया किस प्रकार पूर्ण की जाती है तथा नाम दर्ज होने के उपरांत कार्ड प्राप्त होने तक की संपूर्ण प्रक्रिया क्या है। साथ ही हितग्राहियों को यह भी अवगत कराया गया कि किसी प्रकार की त्रुटि या संशोधन की आवश्यकता होने पर उसे समय रहते किस प्रकार सुधारा जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान पुनर्वास केन्द्र की टीम द्वारा समुचित सहयोग प्रदान किया गया तथा यह सुनिश्चित किया गया कि सभी पात्र हितग्राहियों के आवेदन सही एवं पूर्ण रूप से भरे जाएं। इस पहल से आत्मसमर्पित हितग्राहियों में नागरिक अधिकारों के प्रति जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों की समझ तथा आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन की ओर बढ़ने का आत्मविश्वास विकसित हो रहा है। जिला प्रशासन की यह पहल स्पष्ट रूप से यह दर्शाती है कि शासन की पुनर्वास नीति केवल आर्थिक एवं प्रशिक्षण तक सीमित न होकर, आत्मसमर्पित हितग्राहियों को पूर्ण नागरिक अधिकारों सहित समाज की मुख्यधारा में स्थायी रूप से स्थापित करने की दिशा में प्रतिबद्ध है।
Trending
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सुशासन तिहार अंतर्गत राजनांदगांव में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में हुए शामिल
- भीषण गर्मी में राहत: सुखबासुपारा में नलकूप खनन से दूर हुई पेयजल समस्या, ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
- गौरेला वन क्षेत्र में सागौन तस्करों पर वन विभाग का सर्जिकल स्ट्राइक: 500 से अधिक बल्लियां जब्त
- मुख्यमंत्री साय से मिले क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी
- झारखंड शराब घोटाला: निलंबित IAS अनिल टुटेजा को हाईकोर्ट से मिली सशर्त अग्रिम जमानत
- अतिसंवेदनशील क्षेत्र तर्रेम के ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ को मिला राष्ट्रीय सम्मान, NQAS से हुआ प्रमाणित
- डिप्टी सीएम साव का बड़ा हमला: “जहां राहुल-भूपेश के कदम पड़ेंगे, वहां कांग्रेस की हार तय”
- वित्तमंत्री ओपी चौधरी इनोवेशन महाकुंभ 1.0 में शामिल होने जगदलपुर पहुंचे


