केंद्रीय गृहमंत्री शाह करेंगे उद्घाटन, PM मोदी समापन में अफसरों से करेंगे चर्चा
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ में पहली बार देशभर के पुलिस महानिदेशक (DGP) और महानिरीक्षक (IG) का सबसे बड़ा मंच होस्ट होने जा रहा है। 28 से 30 नवंबर तक नवा रायपुर स्थित IIM परिसर में 60वां अखिल भारतीय DGP-IGP सम्मेलन होगा। गृहमंत्री विजय शर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में आंतरिक सुरक्षा के अहम मुद्दों पर गहन मंथन किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और समापन सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मौजूद रहेंगे। छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह का बंगला अस्थाई PMO बनेगा।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सम्मेलन में नक्सलवाद से निपटने की रणनीति, आतंकवाद विरोधी प्रयास, ड्रग्स नियंत्रण, साइबर सुरक्षा, और सीमा प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा होगी। खास बात यह है कि इस बार फोकस नक्सल प्रभावित इलाकों, विशेषकर बस्तर पर रहेगा।
हाल के महीनों में राज्य पुलिस और केंद्रीय बलों ने संयुक्त रणनीति के तहत कई बड़ी सफलता हासिल की है। यही वजह है कि बस्तर मॉडल को राष्ट्रीय स्तर पर कैसे मजबूत किया जाए, इस पर भी विचार होगा।
विधानसभा अध्यक्ष का बंगला बनेगा अस्थाई PMO
रायपुर में होने वाली डीजीपी कॉन्फ्रेंस के दौरान नवा रायपुर का बंगला M-01 तीन दिनों के लिए मिनी PMO में बदल दिया जाएगा। यह बंगला विधानसभा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह का आवास है।
सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, एनएसए अजित डोभाल सहित 70 डीजी, पैरामिलिट्री चीफ और कुल 500 शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं और NSG कमांडोज की तैनाती होगी। वीवीआईपी मूवमेंट के लिए 400 वाहनों का बेड़ा भी तैयार किया गया है।


