किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवम्बर से होगा प्रारंभ
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-सुकमा। राज्य सरकार द्वारा खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी आगामी 15 नवम्बर से प्रारंभ किया जा रहा है। धान बेचने सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए एग्रीस्टैक पोर्टल में किसानों का पंजीयन अनिवार्य है। किसानों की सुविधा के लिए पंजीयन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर से बढ़ाकर 31 अक्टूबर तक कर दिया गया है।
सुकमा जिले में कुल 22533 किसानों का पंजीयन एग्रीस्टैक पोर्टल में हो चुका है। जिले में फॉर्मेट आईडी पंजीयन कार्य सीएचसी सेंटर और शिविर लगाकर तेजी से किया जा रहा है। एग्रीस्टैक पोर्टल पर किसान आईडी बनवाने से समर्थन मूल्य पर धान बिक्री, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, किसान क्रेडिट कार्ड, उर्वरक अनुदान, प्रधानमंत्री किसान सिंचाई योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, कृषि मशीनीकरण योजना एवं मुख्यमंत्री किसान सहायता योजना जैसी केंद्र एवं राज्य शासन की अनेक योजनाओं का लाभ सीधे प्राप्त होगा।
सुकमा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने जिले के सभी किसानों से अपील की है, कि वे शीघ्रता से एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन कराएँ, ताकि किसी भी योजना का लाभ लेने में उन्हें कठिनाई नहीं हो। उन्होंने बताया कि किसान स्वयं मोबाइल ऐप से ऑनलाइन पंजीयन कर सकते हैं। साथ ही स्थानीय ग्राहक सेवा केंद्र (सीएससी सेंटर), सेवा सहकारी समिति एवं पटवारी कार्यालयों के माध्यम से भी निःशुल्क पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है। साथ ही cgfr.agristack.gov.in पर भी पंजीयन किया जा सकता है। एग्रीस्टैक भारतीय कृषि क्षेत्र के लिए एक डिजिटल इकोसिस्टम है, जिसे भारत सरकार ने विकसित किया है। जिसका उद्देश्य किसानों के लिए एक संपूर्ण डेटाबेस बनाना है, जिसमें उनकी पहचान, भूमि रिकॉर्ड, आय, ऋण, फसल की जानकारी और बीमा के बारे में जानकारी प्राप्त करना है।


