खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कोंडागांव। कोंडागांव से हैदराबाद के लिए बीती देर रात निकली एक यात्री बस के चालक द्वारा साइड नहीं दिए जाने की बात को लेकर कुछ नशे में धुत कार सवार युवकों ने बस चालक के साथ मार-पीट कर दी। वहीं मारपीट किये जाने का वीडियो एक यात्री के द्वारा बनाने के बाद उसे वायरल कर दिया गया। पूरा मामला कोंडागांव जिले के बोरपदर गांव के नजदीक का बताया जा रहा है। मामले की की रिपाेर्ट बस चालक के द्वारा किए जाने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मिली जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे 30 में रविवार की रात को यात्रियों को लेकर एक बस कोंडागांव से हैदराबाद के लिए निकली हुई थी, देर रात को बोरपदर के पास जगदलपुर के कुछ युवकों के द्वारा बस को ओवरटेक करते हुए बस को रोका। उसके बाद बस चालक को साइड नहीं देने का आराेप लगाकर गाली-गलौज करते हुए उसके नाक में मुक्का मारकर लहूलुहान कर दिया। इस घटना से बस में सवार यात्रियों में भी डर देखा गया। वहीं एक यात्री ने चुपके से इस मारपीट व गाली-गलौज करने का वीडियो बनाने के बाद शेयर कर दिया। करीब आधा घंटे से ज्यादा समय तक यह बवाल नेशनल हाईवे पर चलता रहा। चालक के द्वारा बार-बार युवकों को समझाता रहा कि आप जो कर रहे है वो गलत है, लेकिन नशे में धुत कार सवार युवकों के द्वारा बस चालक को गाली-गलौज कर रहे थे।


