विगत एक वर्ष में 4 केंद्रीय कमेटी, 17 स्टेट कमेटी सहित विभन्न कैडराें के 366 नक्सली मारे गए
देवजी को नया महासचिव चुने जाने व नक्सली हिड़मा को बस्तर की कमान साैंपने का नही किया खुलासा
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। नक्सलियों की केंद्रीय कमेटी ने 11 पन्नों का एक बुकलेट जारी कर नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी के नेताओं ने संगठन के लोगों को 21 सितंबर से लेकर 27 सितंबर तक नक्सलियाें के सीपीआई माओवादी की 21वीं स्थापना दिवस मनाने को कहा है। साथ ही नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे फोर्स के सारे ऑपरेशंस को विफल करने कहा है । नक्सलियों की इस बुकलेट से यह स्पष्ट है कि वे किसी बड़े हमले की तैयारी कर रहे हैं। नक्सलियों ने अपनी कमियों को दूर करने, बड़े पैमाने पर हाे रहे आत्मसमर्पण काे रोकने, पार्टी को मजबूत करने और सरकार के मिशन 2026 को विफल करने की बात बुकलेट में लिखी है। लेकिन नक्सली संगठन के द्वारा अब तक किसी भी नक्सली पर्चे एवं जारी बुकलेट में बसवराजु की मौत के बाद तेलंगाना के करीमनगर निवासी देवजी को नया महासचिव चुने जाने एवं छत्तीसगढ़ के सुकमा इलाके में सक्रिय कुख्यात नक्सली हिड़मा को दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी की जिम्मेदारी दिए जाने काेई जिक्र नही किया गया है।
नक्सलियाे ं के जारी बुकलेट में अब तक के हुए नुकसान की समीक्षा करते हुए नक्सलियों ने माना है कि, केंद्रीय कमेटी ने नक्सल संगठन के कामों की जो रणनीतियां बनाई थी, उन रणनीतियों के तहत काम नहीं हुआ है। यही वजह है कि 1 साल के अंतर्गत देश में पहली बार संगठन के महासचिव बसवाराजू समेत 4 केंद्रीय कमेटी मेंबर और 17 स्टेट कमेटी मेंबर मारे गए हैं। नक्सलियों के इस बुकलेट में फिलीपींस संगठन के लीडर लुई जलंदानी के मौत का भी जिक्र है। नक्सलियों ने अपनी बुकलेट के माध्यम से कहा है कि, सेंट्रल कमेटी के महासचिव बसवाराजू, केंद्रीय कमेटी सदस्य चलपति, विवेक, उदय, राज्य कमेटी सदस्य जगजीत सिंह सोहल, गौतम, मधु, सज्जा वेंकट नागेश्वर राव, जय, रूपेश, नीति, कार्तिक, चैते, गुड्डू, सत्यम आलोक, अरुणा, मधु, भास्कर, जगन, विजय समेत अन्य मारे गए हैं। वहीं जिला कमेटी, कंपनी कमेटी के 26, एरिया कमेटी, प्लाटून सदस्य 86, पीएलजीए सदस्य 152, स्थानीय जन निर्माण कामरेड्स 38 मारे गए हैं। वहीं 43 मौतों का नक्सलियों की सेंट्रल कमेटी के पास भी कोई विवरण नहीं है। साथ ही करेंगुट्टा हिल्स में नक्सलियों के खिलाफ फोर्स के चलाए गए ऑपरेशन के दौरान जवानों पर हमला कर एके-47 समेत अन्य हथियार लुटने की बात भी कही है।


