जड़ का करेंगे इलाज तो लहराएंगी जुल्फें
अगर आप गौर से देखेंगे तो 3-4 युवा लड़कों में एक के सिर पर गंजापन दिखेगा या थोड़े बाल दिखेंगे। बालों का झड़ना आज के युवाओं की समस्या बन गई है। 25 साल की उम्र में अधिकांश युवा बालों के झड़ने से परेशान रहने लगे हैं। बालों को झड़ने के बाद वे तरह-तरह की दवाइयां खाते हैं, तरह-तरह के नुस्खे अपनाते हैं लेकिन बालों का झड़ना नहीं रूकता। ऐसे में आपको सही जानकारी की जरूरत है। वास्तव में जब तक आप बालों के झड़ने के असली कारण को नहीं पहचानेंगे तब तक बाल झड़ना नहीं रूकेगा। ऐसे में यहां 5 कारण जान लीजिए, इसके बाद आपको बालों के झड़ने के इलाज कराने में सहुलियत होगी।
बालों के झड़ने के कारण
1. पोषक तत्वों की कमी-टीओआई की खबर के मुताबिक बालों को बहुत से पोषक तत्वों से खुराक मिलती है। ऐसे में यदि आपके शरीर में प्रोटीन और खास तरह के माइक्रोन्यूट्रेंट्स की कमी है तो इसकी पूर्ति किए बिना बालों का झड़ना नहीं रूकेगा। प्रोटीन, विटामिन बी 12, आयरन, विटामिन डी, जिंक, मैग्नीशियम आदि की कमी से बाल झड़ने लगते हैं। इसलिए पहले इन चीजों का इलाज कराएं।
2. तनाव-तनाव इतना खराब है कि जब आप अत्यधिक तनाव में रहते हैं तो इससे शरीर के अंदर 1500 केमिकल इधर से उधर हो जाता है। इसलिए अगर आप लगातार तनाव में रहेंगे तो आपके बाल झड़ने नहीं रूकेंगे। कई तरह के सदमे वाले माहौल में तनाव बढ़ता है जिसके बाद बालों का झड़ना शुरू हो जाता है। इसलिए तनाव को काबू में करें।
3. कुछ दवाइयां-कुछ दवाइयों का सेवन भी बालों को कमजोर करता है। जैसे खून पतला करने वाली दवाई, विटामिन ए, एनाबोलिक स्टेरायड, अर्थराइटिस, डिप्रेशन, हार्ट डिजीज आदि की दवाइयां लेने से भी बाल झड़ने लगते हैं। हालांकि इन दवाइयों के बंद होने के बाद बालों का झड़ना रूक जाता है।
4. एलोपेसिया एरियाटा- एलोपेसिया एरियाटा एक ऑटोइम्यून बीमारी है जिसमें माथे में हेयरलॉस के कारण पैचेज बन जाते हैं। अगर सिर पर किसी-किसी जगह बाल पूरी तरह से झड़ कर पैचेज बन गए हैं तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं। इसका इलाज है।
5. चाइल्ड बर्थ-कुछ महिलाओं में बच्चों को जन्म देने के तुरंत बाद बाल झड़ने लगते हैं। इसका कारण है कि शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन गिरने लगता है। हालांकि अगर इस कारण बाल झड़ रहे हैं तो एक साल या 6 महीने के बाद दोबारा से बाल आ जाएंगे।
इन सारे कारणों को परखने के लिए आपको जांच करानी होगी और इसके लिए आपको बालों के डॉक्टर से सलाह लेनी होगी।

