khabarworld24.com – भाजपा ने महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए अपना 25 सूत्री संकल्प पत्र जारी कर दिया, जिसमें महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और किसानों के कल्याण को खास तरजीह दी गई है। पार्टी ने लाडकी बहना योजना के तहत के महिलाओं को हर माह 2,100 रुपये देने के साथ बुजुर्गों को 2,100 रुपये की पेंशन देने, किसानों का कर्ज माफ करने और 25 लाख नौकरियां देने जैसे वादे किए हैं। पार्टी ने धर्मांतरण विरोध कानून बनाने का संकल्प भी जताया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को भाजपा का संकल्प पत्र जारी करने के मौके पर विपक्षी गठबंधन महाविकास आघाड़ी (एमवीए) पर निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि एमवीए की घोषणाएं तुष्टीकरण की राजनीति और सत्ता पाने के लालच से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बनावटी मुद्दे ज्यादा समय तक नहीं टिकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा का संकल्प पत्र पत्थर पर खिंची लकीर की तरह है। यह जनता की आकांक्षाओं का प्रतीक है। भाजपा ने अपने घोषणापत्र में विकसित भारत और विकसित महाराष्ट्र का संकल्प जताते हुए राज्य में निवेश बढ़ाने और 2028 तक महाराष्ट्र को एक लाख करोड़ अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का वादा किया है। इसके तहत नागपुर, पुणे, नासिक जैसे शहरों को एयरोस्पेस हब बनाया जाना है। इस मौके पर गृह मंत्री शाह ने कहा कि महायुति ने किसानों का सम्मान, महिलाओं का स्वाभिमान बढ़ाने और विरासत का पुनरुत्थान करने का संकल्प लिया है।
- प्रमुख घोषणाएं
- लाडकी बहना योजना के तहत भत्ता 1,500 से बढ़ाकर 2,100 किया जाएगा।
- बुजुर्ग की पेंशन को 1,500 से बढ़ाकर 2,100 रुपये करने का किया वादा।
- अगले 5 सालों में युवाओं को 25 लाख नौकरियां मुहैया कराई जाएंगी।
- 2027 तक 25 लाख लखपति बनाने की योजना, बिजली बिल 30% घटेंगे। किसानों का कर्ज माफ, किसान सम्मान योजना के तहत सालाना 15 हजार।
- शिवाजी महाराज आकांक्षा केंद्र बनेंगे, 10 लाख नए उद्यमी किए जाएंगे तैयार। पांच साल में 25 लाख नौकरियां, महिलाओं को वित्तीय साक्षरता प्रशिक्षण।
- वीर सावरकर व अन्य हस्तियों को भारत रत्न दिलाने का होगा प्रयास।
- अक्षय अन्न योजना के माध्यम से कम आय वाले परिवारों को मुफ्त खाद्यान्न
- गरीब व मध्यम वर्ग के लिए सौर व नवीकरणीय योजना से बिजली।
खबर वर्ल्ड न्यूज़-बालकृष्ण साहू-रायपुर।

