घरेलू व विदेशी बाजारों में कॉटन की कीमतों में तेजी का दौर खत्म होता दिख रहा है। पिछले एक माह में अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉटन की कीमतें 20% से अधिक गिरी है, वहीं घरेलू बाजार में भी कीमतों में 10% की गिरावट आई है। 2022 के आखिर तक घरेलू बाजार में कॉटन का भाव 30,000 रुपए के नीचे आ सकता है। वहीं विदेशी बाजार में कॉटन दिसंबर वायदा का भाव भी गिरकर 80 सेंट प्रति पाउंड (करीब 45,000 रुपए) के स्तर से नीचे आने के आसार है, जिससे रेडिमेड कपड़ा सस्ता होने की उम्मीद है।
कॉटन के भाव में गिरावट के बाद भी कपास व सूती घागे की मांग में कमी आने से इसके खरीदार नहीं मिल पा रहे हैं। वायदा बाजार में भी कॉटन की कीमतों में गिरावट आई है। पहले कॉटन के बेहद ऊंचे भाव के कारण कपड़ा मिलों ने उत्पादन घटा दिया और अब आर्थिक मंदी की आशंका से मांग कमजोर है।
इस वजह से आ रही गिरावट…
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि डिमांड में आई कमजोरी, डॉलर में मजबूती, पैदावार बंपर रहने के अनुमान और ग्लोबल लेवल पर मंदी की आशंका के चलते कॉटन की कीमतों में गिरावट आ रही है। कीमतों पर यह दबाव आगे भी जारी रहने का अनुमान है। हालांकि मानसून कमजोर रहा तो कपास की पैदावार घटेगी, जिससे भाव बढ़ेंगे।

