खबर वर्ल्ड 24-रायपुर / दुर्ग। राज्य शासन के स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों में सेवाएं देने वाले सरकारी डॉक्टरों की जानकारी जब निजी अस्पतालों से मांगी, तो डॉक्टरों ने सरकारी नौकरी ही छोड़ दी। पिछले तीन दिनों में ही एक दर्जन से ज्यादा डॉक्टरों के इस्तीफे की खबर मिली है। बताया जा रहा है कि आगे और सरकारी डॉक्टर इस्तीफा देने की तैयारी में हैं। सोमवार को चंदूलाल चंद्राकर मेडिकल कॉलेज के 9 डॉक्टरों ने इस्तीफा दिया है, एक साथ थोक में इतने डॉक्टरों के नौकरी छोड़ने की खबर से मेडिकल कॉलेज के छात्र सकते में आ गए है। उनका सवाल है कि उनकी पढ़ाई का क्या होगा?
सरकारी अस्पतालों में सैकड़ों पद खाली
इस आदेश के बाद निजी अस्पतालों की दिक्कतें बढ़ गई हैं। यही कारण है कि निजी अस्पताल सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों को कह रहे हैं कि अपना देख लो। ऐसे में डॉक्टर निजी के बजाय सरकारी अस्पतालों को छोड़ रहे हैं, क्योंकि उन्हें निजी अस्पतालों में अच्छा वेतन मिल रहा है। हालांकि जानकारों की मानें तो सरकारी मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों के 50 से 70 प्रतिशत पद और 40 से 60 प्रतिशत पद पैरामेडिकल स्टाफ के खाली हैं, जिसे भरा ही नहीं जा रहा है। ऐसी स्थिति में निजी अस्पतालों से शपथ पत्र मांगकर अस्पतालों पर दबाव बनाया जा रहा है।

