खबर वर्ल्ड 24 इंडिया । मुंबई में बांद्रा रेलवे स्टेशन पर रविवार तड़के गोरखपुर जाने वाली बांद्रा-गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस में चढ़ने के लिए धक्कामुक्की के चलते मची भगदड़ में 10 यात्री घायल हो गए। घायलों में से दो की हालत गंभीर है। हालांकि, पश्चिमी रेलवे केवल दो लोगों के ही घायल होने का दावा कर रहा है। इस बीच रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। बांद्रा टर्मिनल के प्लेटफॉर्म एक पर दिवाली और छठ के पर्व के चलते अनारक्षित ट्रेन से सफर के लिए बड़ी संख्या में यात्री मौजूद थे।
ट्रेन तो सुबह 5: 10 पर चलनी थी लेकिन इसे पकड़ने के लिए घंटों पहले ही बवाल शुरू हो गया। तड़के 2:45 पर जब धीरे-धीरे ट्रेन प्लेटफार्म की ओर बढ़ रही थी लोग सीट कब्जाने के लिए दौड़ पड़े। इसी दौरान भगदड़ मच गई और कई यात्री गिर गए। घायल यात्रियों को निकटवर्ती भाभा सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। घटना के बाद अंत्योदय एक्सप्रेस अपने तय समय पर बांद्रा टर्मिनल से रवाना हुई। गोरखपुर के लिए दो अतिरिक्त अनारक्षित ट्रेनें चलेंगी।

