नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत एनिमेशन की दुनिया में नई क्रांति के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भारतीय एनिमेशन कैरेक्टर, एनिमेशन फिल्मों और कंटेंट और क्रिएटिविटी को दुनियाभर में पसंद किया जा रहा है।
स्मार्ट फोन से लेकर सिनेमा स्क्रीन तक तक, गेमिंग कंसोल से लेकर वर्चुअल रियल्टी तक एनिमेशन हर जगह मौजूद है। मन की बात की 115वीं कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने याद दिलाया कि कैसे जब छोटा भीम टीवी पर आना शुरू हुआ था तो बच्चों में अलग ही तरह का रोमांच होता था। आज ढोलकपुर का ढोल, सिर्फ भारत ही नहीं बल्कि दूसरे देश के बच्चों को भी खूब लुभाता है। कृष्णा, हनुमान, मोटू-पतलू जैसे एनिमेशन कैरेक्टर दुनियाभर में लोकप्रिय हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि एनिमेशन की दुनिया में मेड इन इंडिया और मेक इन इंडिया छाए हैं। भारत के गेमिंग स्पेस का भी तेजी से विस्तार हो रहा है। देश में क्रिएटिव एनर्जी की एक लहर चल रही है।
आत्मनिर्भर भारत अब जन अभियान पीएम मोदी ने कहा, एक जमाने में मोबाइल फोन आयात करने वाला भारत,
आज, दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा निर्माता बन गया है। कभी दुनिया में सबसे ज्यादा रक्षा उपकरण खरीदने वाला भारत, आज, 85 देशों को निर्यात भी कर रहा है। अंतरिक्ष तकनीक में भारत, आज, चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर चने वाला पहला देश बना है। मोदी ने कहा, बेहतर बात यह है कि आत्मनिर्भरता का अभियान, अब सिर्फ सरकारी अभियान नहीं है। आत्मनिर्भर भारत अभियान, अब जन अभियान बन रहा है-हर क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा, इसी महीने लद्दाख के हानले में हमने एशिया की सबसे बड़ी ‘इमेजिंग टेलीस्कोप मेस का भी उद्घाटन किया है। ये 4,300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और पूरी तरह स्वदेशी है।

