नई दिल्ली। आईपीएल 2024 का क्लाइमेक्स सीन आ गया है। कोलकाता नाइटराइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच रविवार को चैंपियन बनने के लिए घमासान होगा। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम पर आईपीएल के 17वें सीजन का चैंपियन मिल जाएगा। आईपीएल 2024 का फाइनल मुकाबला रोमांचक होने की पूरी उम्मीद है।
वैसे, किसी ने सोचा भी नहीं था कि आईपीएल 2024 का फाइनल केकेआर और एसआरएच के बीच होगा। सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 2021 में आखिरी, 2022 में आठवें और 2023 में आखिरी स्थान पर रही थी। केकेआर पिछले दो सीजन में आखिरी स्थान पर रहा। इस साल दोनों टीमों ने गजब के बदलाव किए और शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया।
केकेआर ने 2012 और 2014 में आईपीएल खिताब जीते। एसआरएच ने 2016 में खिताब जीता था। 2024 में दोनों टीमें फाइनल में हैं तो अपने खाते में एक और बड़ी उपलब्धि जोड़ना चाहेंगी। मौजूदा सीजन में केकेआर ने एसआरएच को दो बार मात दी थी। लीग मैच में केकेआर ने एसआरएच को 4 रन से हराया। फिर पहले क्वालीफायर में केकेआर ने हैदराबाद को 8 विकेट से रौंदा।
केकेआर की बात करें तो उसकी टीम में बदलाव की उम्मीद कम है। नितीश राणा और वैभव अरोड़ा को इंपैक्ट खिलाड़ियों के रूप में जगह दी जा सकती है, लेकिन यह तब निर्भर करेगा कि केकेआर पहले बैटिंग कर रही है या बॉलिंग।
वहीं, एसआरएच का टीम संयोजन अब तक स्थिर नहीं है। शाहबाज अहमद बतौर इंपैक्ट खिलाड़ी दूसरे क्वालीफायर में सफल रहे, लेकिन केकेआर में कई बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं तो उन्हें अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ सकता है। देखना दिलचस्प होगा कि ग्लेन फिलिप्स को फाइनल में आजमाया जाएगा या नहीं।
KKR vs SRH की संभावित प्लेइंग 11
केकेआर – सुनील नरेन, रहमानुल्लाह गुरबाज, वेंकटेश अय्यर, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नितीश राणा, रिंकू सिंह, आंद्रे रसेल, रमनदीप सिंह, मिचेल स्टार्क, हर्षित राणा और वरुण चक्रवर्ती।
एसआरएच – ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम, हेनरिच क्लासेन, नितीश कुमार रेड्डी, अब्दुल समद, मयंक मार्कंडे, पैट कमिंस (कप्तान), जयदेव उनादकट और भुवनेश्वर कुमार।

