खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-नारायणपुर। जिले के अबूझमाड़ इलाके के रेकावाया के जंगल में, बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर जिले की सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ चल रही है। दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग हो रही है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि अबूझमाड़ के रेकावाया इलाके में बड़े कैडर के नक्सली मौजूद हैं। सूचना पर डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और एसटीएफ की संयुक्त टीम आज सुबह गुरुवार को संयुक्त अभियान पर तीनों जिलों बीजापुर, दंतेवाड़ा और नारायणपुर से एक हजार से ज्यादा जवानो को रवाना किया गया।
इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए नक्सलियों को घेर लिया है। दोनों ओर से रुक-रुक कर फायरिंग जारी है, सूत्रों के मुताबिक कुछ नक्सलियों को गोली लगी है, इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि जवानों के लौटने के बाद विस्तृत जानकारी मिलेगी।

