भूपेश बघेल की सरकार में नक्सलियों पर नहीं होती थी कोई कार्रवाई
खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कांकेर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के नरहरपुर में जनसभा को संबोधित करते हुए नक्सलवाद को खुली चुनौती देते हुए कहा कि हम देश के कई राज्यों से नक्सलवाद का खात्मा कर चुके हैं, दो से तीन वर्षों में छत्तीसगढ़ से भी नक्सलवाद को खत्म कर देंगे। उन्होने नक्सलियों से समर्पण करने का आह्वान करते हुए कहा कि आत्मसमर्पण कर दे अन्यथा यह लड़ाई जारी रहेगी। इस देश से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आतंकवाद को समाप्त किया और अब नक्सलवाद समाप्ति की कगार पर है। वहीं छत्तीसगढ़ में 05 वर्ष तक भूपेश बघेल की सरकार थी, नक्सलियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती थी। उन्होने कहा कि आपने हम पर कृपा की और विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री बनाया और 04 महीने में ही 90 से ज्यादा नक्सलियों को मार गिराया, 123 गिरफ्तार हुए और 250 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है। हमने नक्सलवाद को समाप्ति के कगार पर लाने के साथ-साथ विकास का काम भी किया है। मैं भूपेश बघेल से पूछना चाहता हूं कि कांग्रेस की सरकार थी, आपने छत्तीसगढ़ को क्या दिया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस को वोट बैंक की चिंता है, कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण को लटका कर रखा था। इनके नेता रामलला की प्राण प्रतिष्ठा में भी नहीं पहुंचे। ये सिर्फ वोट बैंक की राजनीति करते हैं। उन्होने कहा कि 500 वर्षों से टेंट में बैठे रामलला ने अपना जन्मदिन भव्य मंदिर में मनाया, जहां उनका सूर्यतिलक किया गया। उन्होने कहा कि भाजपा के कार्यकाल में बड़े-बड़े फैसले लिए गए जो 70 सालों में नहीं लिए गए। आतंकवाद को समाप्त किया। कश्मीर से धारा 370 हटाकर बीते 10 वर्षों में बहुत बड़ा परिवर्तन किया। मोदी जी ऐसे प्रधानमंत्री हैं, जिनके पास 10 साल का ट्रैक रिकॉर्ड भी है और आने वाले 25 वर्षों का एजेंडा भी है।
अमित शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस के घोषणापत्र में से सबका सर्वे कराने की बात को उठाया तो पूरी कांग्रेस पार्टी नरेंद्र मोदी पर सवाल उठा रही है। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि आपके घोषणापत्र में सर्वे की बात है या नहीं है। क्यों करना है इस सर्वे को? उन्होने कहा कि मनमोहन सिंह ने कहा था कि देश के संसाधन पर पहला अधिकार अल्पसंख्यकों का है, आदिवासियों-दलितों का नहीं है। हम कहते हैं कि देश के संसाधन पर पहला हक गरीबों, दलितों और आदिवासियों का है। उन्होने कहा कि देश के मठ-मंदिर और सबके संपत्ति पर जो नजर है, वो पैसा कहां जाने वाला है?
अमित शाह ने आगे कहा कि राहुल बाबा से पूछना चाहता हूं कि 04 दशक तक छत्तीसगढ़ के गरीबों के लिए क्या किया? हमने आतंकवाद खत्म किया अब नक्सलवाद समाप्ति के कगार में है। देश के 60 करोड़ गरीबों को 05 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिया। अब आगे के लिए मोदी जी की गारंटी है कि 70 वर्ष से अधिक के आयु वाले बुजुर्गों को भी आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज दिया जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष खडग़े जी कहते हैं कि छत्तीसगढ़ का जम्मू-कश्मीर से क्या लेना देना है। खडग़े जी आपकी और राहुल बाबा की चाहे जो सोच हो लेकिन कश्मीर के लिए छत्तीसगढ़ का बच्चा-बच्चा अपनी जान देने के लिए तैयार है।

