खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कोंडागांव। जिले की जनता को कानून व्यवस्था मुहैया करवाकर सकुशल होली संपन्न कराने के बाद आज मंगलवार को पुलिस के जवानों और अधिकारियों ने जमकर होली खेली। पुलिस लाइन में हुए होली के मुख्य कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों और जवानों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर इस त्योहार का आनंद लिया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने जवानों को होली की शुभकामनाएं दीं।
गौरतलब है कि सोमवार को होली धुलेंडी के दिन पुलिस के जवानों ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में दायित्वों का निर्वहन करते हुए होली को सकुशल संपन्न कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। होली पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस के जवानों ने मोर्चा संभाला था, ताकि जिलेवासी निश्चिन्त होकर रंगो का त्योहार होली मना सके। जब लोगों ने होली का त्योहार इन जवानों के भरोसे शांति पूर्ण तरीके से मना लेने के बाद आज जिले भर के पुलिस थानों में और पुलिस लाइन में होली का आयोजन किया गया। बैंड और डीजे की धुन पर पुलिस कर्मियों ने जमकर रंग-गुलाल लगाकर एक-दूसरे को होली की बधाई दी।

