नई दिल्ली। अजय देवगन और आर माधवन की बहुचर्चित फिल्म शैतान का सिक्का इस वक्त बॉक्स ऑफिस पर जमकर चमक रहा है। रिलीज का पहला सप्ताह पूरा करने की कगार पर खड़ी ये फिल्म सिनेमाघरों में दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है।
यही कारण है जो दिन प्रतिदिन शैतान का कलेक्शन तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इस बीच शैतान के छठे दिन की कारोबार की ताजा जानकारी सामने आई है। ऐसे में आइए जानते हैं कि इस हॉरर थ्रिलर ने बुधवार को कितने नोट छापे हैं।
डायरेक्टर विकास बहल की शैतान को जिस तरह से दर्शकों की तरफ से सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है, उसके आधार पर इसका हिट होना बनता है। ऐसा माना जा रहा था कि ओपनिंग वीकेंड के बाद अजय देवगन और ज्योतिका की फिल्म की कमाई का ग्राफ नीचे की तरफ जाएगा।
हांलाकि कारोबार में गिरावट जरूर आई, लेकिन उतनी नहीं जो मेकर्स के लिए चिंता का सबब बने। इस बीच सैकनिल्क के की तरफ से शैतान के छठे दिन की कमाई के अनुमानित आंकड़े पेश किए गए हैं। जिसके आधार पर बुधवार को इस मूवी ने करीब 6.15 करोड़ की कमाई की है। इसके साथ ही अजय की फिल्म के टोटल कलेक्शन में काफी मात्रा में इजाफा देखने को मिला है।
पहले हफ्ते में 80 करोड़ कमाएगी शैतान
जिस तरह से फिलहाल शैतान की कमाई का कारवां चल रहा है, उसे देख ये कहा जा सकता है कि रिलीज के पहले सप्ताह में अजय देवगन की ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 80 करोड़ का आंकड़ा छू सकती है। अभी फिल्म कमाई के इस नंबर्स से करीब 5 करोड़ पीछे है।

