नई दिल्ली। रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ को क्रिटिक्स और दर्शकों से अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। यही वजह है कि फिल्म बॉक्स ऑफिस पर भी अच्छा परफॉर्म कर रही है।
नई प्रेम कहानी के साथ-साथ शाहिद कपूर और कृति सेनन की जोड़ी भी फ्रेश है। दोनों ने पहली बार साथ काम किया है और उनकी केमिस्ट्री ने वाकई फैंस के दिलों को छुआ है। अमित जोशी और आराधना शाह के निर्देशन में बनी फिल्म 9 फरवरी को सिनेमाघरों में आई थी और अब तक 50 करोड़ से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है।
शाहिद कपूर की फिल्म ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ रिलीज के बाद से अच्छी-खासी कमाई कर रही है। वीकेंड्स में फिल्म ने 5 करोड़ से ऊपर ही कारोबार किया है। पिछले कुछ दिनों से वीकडेज में 3 करोड़ के आसपास रही। अब एक बार फिर कमाई में उछाल आया है। दूसरे शनिवार को जहां फिल्म ने 5 करोडड का बिजनेस किया था, वहीं रविवार को कमाई में बढ़ोतरी देखी गई।
सैकनिल्क के अर्ली ट्रेड के मुताबिक, ‘तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 10वें दिन 6 करोड़ का कारोबार किया है। हालांकि, सही आंकड़े इससे ज्यादा या कम भी हो सकते हैं। कुल मिलाकर फिल्म ने अब तक 58 करोड़ का बिजनेस कर लिया है।
तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया की कहानी
शाहिद कपूर और कृति सेनन की फिल्म की कहानी एक यूनिक रोम-कॉम पर बेस्ड है। आर्यन अग्निहोत्री (शाहिद) की शादी के लिए घरवाले उसके पीछे पड़े हुए हैं, जो रोबोट्स बनाता है। उसकी मौसी उर्मिला (डिंपल कपाड़िया) भी यही काम करती है। वह आर्यन को अमेरिका बुलाती हैं, जहां उसकी मुलाकात सिफरा (कृति) से होती है। कृति एक रोबोट होती है, जिसके बारे में आर्यन को नहीं पता होता है।
सिफरा से मोहब्बत होने के बाद आर्यन को पता चलता है कि वह एक रोबोट है। खैर, वह सिफरा के साथ जिंदगी बिताने का फैसला करता है और अपने परिवार से मिलाता है। शादी के दौरान ही सिफरा की मशीनरी में कोई दिक्कत आ जाती है, जो उनकी कहानी का एक टर्निंग प्वॉइंट है।

