यशस्वी के दोहरे शतक के बाद जडेजा का ‘पंजा’, सीरीज में 2-1 से आगे
नई दिल्ली। भारत ने राजकोट टेस्ट मैच को चौथे दिन ही जीत लिया है और इंग्लैंड को पूरी तरह से धराशायी किया है। टीम इंडिया ने मैच जीतने के लिए इंग्लैंड को 557 का मुश्किल लक्ष्य दिया था और जवाब में इंग्लैंड ने पूरी तरह घुटने टेक दिए थे और टीम इंडिया को 434 रन से जीत मिली। पहले यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान ने बल्लेबाजी में धमाल मचाया और उसके बाद बॉलिंग में रवींद्र जडेजा की दमदार बॉलिंग ने इंग्लैंड का काम तमाम किया।
इंग्लैंड की टीम सिर्फ 122 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई, जबकि उसे 557 रनों का टारगेट मिला था। दूसरी पारी में भारत के लिए रवींद्र जडेजा ने 5, कुलदीप यादव ने 2 विकेट लिए। जबकि अश्विन और बुमराह को भी 1-1 विकेट मिला है। इसी के साथ अब भारतीय टीम इस सीरीज़ में 2-1 से आगे हो गई है।
भारत की टेस्ट फॉर्मेट में रनों के हिसाब से ये सबसे बड़ी जीत है, जो इंग्लैंड की बैज़बॉल वाली टीम के खिलाफ आई है। पिछले मैच में हमने सुना था कि किस तरह ब्रैंडन मैक्कुलम ने कहा था कि हम 600 का टारगेट भी चेज़ कर लेंगे, लेकिन इस मैच में जब बड़ा टारगेट मिला तो टीम पूरी तरह से बैकफुट पर थी। इंग्लैंड ने यहां सिर्फ 50 के स्कोर पर अपने 7 विकेट गंवा दिए थे।
रनों के हिसाब से भारत की बड़ी जीत
434 रन, बनाम इंग्लैंड 2024
372 रन, बनाम न्यूजीलैंड 2021
337 रन, बनाम साउथ अफ्रीका 2015
321 रन, बनाम न्यूजीलैंड 2016

