खबर वर्ल्ड न्यूज-खैरागढ़। मध्यप्रदेश से छत्तीसगढ़ के बाजारों में पहुंचाई जा रही 1500 किलो संदिग्ध पनीर की बड़ी खेप पुलिस ने जब्त की है। भोपाल से रायपुर जा रही पिकअप को खैरागढ़ जिले के साल्हेवारा चेकपोस्ट पर पुलिस ने रोककर जांच की, तो वाहन में 30 कार्टून पनीर भरा मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग की शुरुआती जांच में पनीर के एनालॉग होने की आशंका जताई गई है। हालांकि, इसकी वास्तविक गुणवत्ता का खुलासा लैब रिपोर्ट आने के बाद ही होगा।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 7 बजे साल्हेवारा थाना के सामने चेकपोस्ट पर पुलिस नियमित वाहन जांच कर रही थी। इसी दौरान भोपाल से रायपुर की ओर जा रही महिंद्रा पिकअप क्रमांक MP 04 WC 8384 को संदेह के आधार पर रोका गया। पूछताछ में चालक शिशुपाल ने बताया कि वाहन में पनीर है, जिसे भोपाल के ट्रांसपोर्ट नगर से रायपुर ले जाया जा रहा है। इसके बाद पुलिस ने खाद्य विभाग को सूचना दी और वाहन को जिला मुख्यालय लाकर जांच कराई।
वाहन की तलाशी में 50-50 किलो के 30 कार्टून मिले। इस तरह कुल खेप करीब 1500 किलो पनीर की थी। चालक के मुताबिक, पनीर की यह खेप रायपुर के भाठागांव स्थित आशीष जायसवाल की दुकान में पहुंचाई जानी थी। जांच के दौरान चालक पनीर की शुद्धता और गुणवत्ता से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक धृतलहरे ने बताया कि पनीर की शुद्धता से जुड़े दस्तावेज नहीं मिले हैं। प्रथम दृष्टया यह एनालॉग पनीर प्रतीत हो रहा है। खाद्य विभाग ने पनीर के विधिक नमूने लेकर परीक्षण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई ने अंतरराज्यीय खाद्य सामग्री की आपूर्ति और उसकी गुणवत्ता की जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर 1500 किलो पनीर किस गुणवत्ता का था? क्या यह सामान्य पनीर था या एनालॉग पनीर? बिना गुणवत्ता संबंधी दस्तावेजों के इतनी बड़ी खेप किन मानकों के आधार पर बाजार तक पहुंचाई जा रही थी? फिलहाल इन सवालों के जवाब खाद्य विभाग की जांच और प्रयोगशाला रिपोर्ट से ही मिल सकेंगे।
Trending
- सर्दियों में 40 रुपये का यह कंद क्यों बनता है सेहत का बादशाह? आंकड़ों में समझें शकरकंद का पूरा विज्ञान
- साल्हेवारा चेकपोस्ट पर 1500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त, एनालॉग पनीर होने की आशंका
- रिसॉर्ट के पास युवक का अधजला शव और खाक हुई बाइक बरामद, हत्या कर सबूत मिटाने की आशंका
- रायपुर में देवउठनी एकादशी पर भव्य आयोजन: 65 शालिग्राम संग रचेगा माता तुलसी का विवाह, आज गाजे-बाजे के साथ निकलेगी बारात
- छत्तीसगढ़ पर मंडराया साइक्लोन ‘अकवान’ का खतरा: 20 से 25 नवंबर तक बारिश का दौर, धान खरीदी पर बढ़ी चिंता
- भारत मंडपम में आज गूंजेगी छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दिल्ली दौरे पर रहेंगे
- ब्लड कैंसर से जूझ रही 3 वर्षीय काव्या पटेल के उपचार के लिए CM साय की संवेदनशील पहल: ₹1 लाख की सहायता, PICU में वेंटिलेटर सपोर्ट और 24 घंटे विशेष निगरानी


