लंबे समय से चल रहे अवैध नशे के कारोबार से परेशान हैं रहवासी, कार्रवाई के बाद फिर कारोबार शुरू होने की समस्या बनी चुनौती
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – व्यास पाठक, रायपुर। राजधानी रायपुर के कमिश्नरेट क्षेत्र अंतर्गत तेलीबांधा थाना क्षेत्र के श्यामनगर देवाडेरा में अवैध गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के कारोबार की शिकायतों के बीच एंटी नार्कोटिक टास्क फोर्स (ANTF) की टीम ने निरीक्षण के दौरान बड़ी कार्रवाई की। टीम ने इलाके में आने-जाने वाले लोगों की जांच और संदिग्धों की चेकिंग करते हुए गांजा खरीदने पहुंचे 30 से अधिक लोगों तथा गांजा बेचने के संदेह में 5 से 7 लोगों को पकड़कर आगे की कार्रवाई के लिए तेलीबांधा थाना भेजा।

स्थानीय लोगों के अनुसार श्यामनगर देवाडेरा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध गांजा और अन्य नशे का कारोबार संचालित होने की शिकायतें मिलती रही हैं। रहवासियों का कहना है कि शिकायतों के बाद समय-समय पर पुलिस और संबंधित एजेंसियों द्वारा कार्रवाई की जाती है, लेकिन कुछ दिनों बाद फिर से वही अवैध गतिविधियां शुरू हो जाती हैं। इससे क्षेत्र के लोग परेशान हैं और उन्हें अपने परिवार तथा बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है।

रहवासियों की चिंता इसलिए भी गंभीर है क्योंकि स्थानीय स्तर पर गांजा बिक्री के इस अवैध कारोबार में कथित तौर पर बच्चे, नाबालिग, महिलाएं और पुरुष तक संलिप्त बताए जा रहे हैं। ऐसे में क्षेत्र में नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकना पुलिस और प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बन गया है।

सौ-सौ रुपये के पैकेट में गांजा बिक्री की सूचना
ANTF के टीआई सुनील दास ने बताया कि टीम को सूचना मिली थी कि क्षेत्र में गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया लगभग 100-100 रुपये में बेची जा रही हैं। इसी सूचना के आधार पर टीम ने इलाके में पहुंचकर गतिविधियों की पतासाजी की और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई के उद्देश्य से निरीक्षण एवं चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 30 से 35 लोगों को कार्रवाई के लिए तेलीबांधा थाना भेजा जा रहा है।

आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई : टीआई सुनील दास
कार्रवाई के बाद आरोपियों के विरुद्ध क्या कदम उठाए जाएंगे, इस सवाल पर टीआई सुनील दास ने बताया कि सभी के खिलाफ नियमानुसार और विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि भविष्य में भी इस तरह का निरीक्षण जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

रहवासियों को कब मिलेगी नशे के कारोबार से मुक्ति?
श्यामनगर देवाडेरा के रहवासियों की मांग है कि केवल एक-दो दिन की कार्रवाई से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। नशे के कारोबार में शामिल लोगों की लगातार निगरानी, मुख्य सप्लायरों की पहचान और नियमित कार्रवाई जरूरी है। अब देखना यह होगा कि ANTF और तेलीबांधा पुलिस इस अभियान को कितनी निरंतरता देती है और क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे अवैध नशे के कारोबार पर कब तक प्रभावी अंकुश लग पाएगा l



