KWNS -बेंगलुरु। कर्नाटक की राजनीति में बड़ा सियासी बदलाव सामने आया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का इस्तीफा आखिरकार मंजूर कर लिया गया है। शुक्रवार को बेंगलुरु लौटे राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी। इसके साथ ही अब राज्य की कमान मौजूदा डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के हाथों में जाने की तैयारी शुरू हो गई है। हालांकि नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण तक सिद्धारमैया कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभालते रहेंगे।
इस्तीफे की प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत बाद सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार दिल्ली रवाना हो गए। यहां दोनों नेताओं ने कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। माना जा रहा है कि नई सरकार के गठन, मंत्रिमंडल विस्तार और शक्ति संतुलन को लेकर शीर्ष नेतृत्व के साथ अंतिम दौर की चर्चा हुई।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, डीके शिवकुमार अगले सप्ताह नए मंत्रिमंडल के साथ मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं। कांग्रेस इस बार सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधने के लिए बड़ा राजनीतिक संतुलन बनाने की तैयारी में है। इसी के तहत राज्य में चार डिप्टी सीएम बनाए जाने की चर्चा तेज हो गई है। डिप्टी सीएम पद की दौड़ में प्रियंक खड़गे और यतींद्र सिद्धारमैया समेत कई वरिष्ठ नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। वहीं कैबिनेट से करीब 10 पुराने मंत्रियों की छुट्टी होने की संभावना जताई जा रही है।
दरअसल, साल 2023 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के बीच लंबे समय तक खींचतान चली थी। इसके बाद दिल्ली में कई दौर की बैठकों के बाद ‘रोटेशनल सीएम फॉर्मूला’ यानी ढाई-ढाई साल के कार्यकाल पर सहमति बनी थी। हालांकि कांग्रेस ने कभी इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की, लेकिन अब सत्ता परिवर्तन को उसी समझौते का हिस्सा माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, तय फॉर्मूले के तहत सिद्धारमैया ने 28 मई को ही अपना इस्तीफा राज्यपाल के सचिव को सौंप दिया था, जिसे अब औपचारिक मंजूरी मिल गई है। इस बीच सिद्धारमैया ने राज्यसभा जाने की अटकलों को भी खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि वे विधायक के रूप में ही जनता की सेवा जारी रखेंगे और सक्रिय राज्य राजनीति में बने रहेंगे।
फिलहाल दिल्ली में नई कैबिनेट के नामों पर मंथन तेज हो गया है। अब सबकी नजर डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण और कर्नाटक की नई सरकार के गठन पर टिकी हुई है।
Trending
- रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का कड़ा एक्शन: 25 करोड़ की रंगदारी के आरोपी शोएब ढेबर पर 5,000 रुपये का इनाम घोषित, तलाश तेज
- मुंगेली में भाजपा का बड़ा आयोजन: 7 अक्टूबर को निकलेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’, पीएम मोदी के संबोधन का होगा सीधा प्रसारण
- पंखों को मिली रफ्तार: सरस्वती साइकिल योजना से बेटियों की शिक्षा की राह हुई आसान
- सेवा की कहानी: इलाज के खर्च की चिंता हुई कम, आयुष्मान कार्ड से विजय पंडो के परिवार को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा का संबल
- नक्सलवाद के लंबे और काले दौर से निकलकर शांति, सुरक्षा और समृद्धि की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा बस्तर- उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा
- मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076) की त्वरित कार्रवाई: जशपुर के तपकरा में मोटर बदलकर 200 परिवारों तक पुनः पहुँचा पेयजल
- संकट की घड़ी में बाढ़ प्रभावितों के साथ मजबूती से खड़ी छत्तीसगढ़ सरकार
- घर बैठे वाहन संबंधी आवश्यक कार्य पूर्ण करने की मिलेगी सुविधा- मंत्री केदार कश्यप


