पर्यटन संवर्द्धन के लिए रणनीतिक दिशा-निर्देशों पर वर्चुअल मंथन
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – रायपुर l छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी पर्यटन स्थलों की श्रेणी में स्थापित करने की दिशा में 20 मई 2025 को छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड के मुख्यालय रायपुर से एक उच्चस्तरीय वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के अध्यक्ष नीलू शर्मा ने की, जिसमें प्रदेश व प्रदेश के बाहर स्थित टूरिस्ट इंफॉर्मेशन सेंटर्स (टीआईसी) एवं टूरिज़्म बोर्ड द्वारा संचालित होटलों व मोटलों में कार्यरत अधिकारी एवं कर्मचारी वर्चुअल माध्यम से सम्मिलित हुए।
बैठक में अध्यक्ष शर्मा ने पर्यटन क्षेत्र को राज्य के आर्थिक विकास का सशक्त माध्यम बताते हुए यह निर्देश दिए कि पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों को सर्वोत्तम सुविधाएं, सुरक्षा और स्वागत-संस्कृति प्रदान करने के लिए हर स्तर पर समन्वित प्रयास किए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के प्रमुख पर्यटक स्थलों की मैपिंग कर उन्हें व्यवस्थित रूप से विकसित किया जाए, ताकि अधिकतम पर्यटक आकर्षित हो सकें।
“छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, जैव विविधता और ऐतिहासिक धरोहरों को पर्यटन से जोड़ते हुए एक नई पहचान दी जाए,” – श्री शर्मा ने कहा। उन्होंने डिजिटल प्रचार-प्रसार, सोशल मीडिया अभियान और स्थानीय समुदाय की सहभागिता को पर्यटन संवर्द्धन के प्रमुख उपकरणों के रूप में अपनाने का सुझाव भी दिया।
बैठक में छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य (आई.एफ.एस.), महाप्रबंधक वेदव्रत सिरमौर (रा.पु.से.) सहित बोर्ड के अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहे और उन्होंने अपनी महत्वपूर्ण सुझावों से बैठक को समृद्ध किया।
इस अवसर पर बोर्ड के अधिकारियों ने पर्यटन क्षेत्र में आ रही चुनौतियों, अवसरों तथा नवाचारों पर भी विचार-विमर्श किया और राज्य को ‘अगली पर्यटन राजधानी’ के रूप में प्रस्तुत करने की दिशा में ठोस कार्ययोजना पर बल दिया।
छत्तीसगढ़ टूरिज़्म बोर्ड निरंतर इस प्रयास में संलग्न है कि राज्य की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय मानचित्र पर भी प्रमुख स्थान दिलाया जाए। आज की यह बैठक इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।

