खबर वर्ल्ड न्यूज़-नई दिल्ली ! केंद्र सरकार ने एक महीने चलने वाले विशेष स्वच्छता अभियान 4.0 के तहत अब तक कचरे का निपटान करके 100 करोड़ से अधिक की कमाई कर ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल पर केंद्रित इस अभियान का उद्देश्य केंद्र सरकार के तमाम मंत्रालयों और विभागों की भागीदार के साथ प्रत्येक नागरिक में स्वच्छता की आदत विकसित करना और पर्यावरण की दृष्टि से टिकाऊ भविष्य की दिशा में सक्रियता से काम करना है। प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) सचिव वी श्रीनिवास ने बताया कि सरकारी विभागों में लंबित मामले घटाने और स्वच्छता को संस्थागत बनाने का विशेष अभियान 2 अक्तूबर को शुरू किया गया था और 31 अक्तूबर तक चलेगा। श्रीनिवास ने बताया कि अब तक 12 लाख से अधिक फाइलों को छांटा जा चुका है और 97.2 लाख वर्ग फुट जगह खाली की गई है।
369 नियमों में दी गई ढील
अभियान के संचालन के दौरान नियमों को सरल बनाने तथा नागरिकों का जीवन आसान बनाने के कई नवीन प्रयोग भी सामने आए। 23 अक्टूबर तक 369 नियमों में ढील दी गई है और 3,86,539 जन शिकायतों का निपटारा किया गया।
बढ़ रहा अभियान का दायर
राजस्थान कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी श्रीनिवास ने बताया कि विशेष स्वच्छता अभियान का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इन्हें अब 4.5 लाख दफ्तरों में लागू किया जा चुका है।

