खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। कुम्हरावण्ड स्थित शहीद गुण्डाधूर कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र में संचालित अखिल भारतीय समन्वित कन्द फसल अनुसंधान परियोजना द्वारा आदिवासी उपयोजना के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में लोहण्डीगुड़ा विकासखंड के ग्राम टाकरागुड़ा से आए 25 से अधिक प्रगतिशील किसानों ने हिस्सा लिया, जहाँ उन्हें कंदीय फसलों की आधुनिक खेती और प्रबंधन के गुर सिखाए गए।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. आरएस नेताम ने किसानों को संबोधित करते हुए कंदीय फसलों की महत्ता पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पारंपरिक खेती के साथ-साथ कंद वर्गीय फसलों को अपनाना किसानों के लिए न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी है, बल्कि यह पोषण सुरक्षा की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसी कड़ी में सह-संचालक अनुसंधान डॉ. एके ठाकुर ने किसानों को फसलों में होने वाले खरपतवार की समस्या और उसके वैज्ञानिक प्रबंधन की विस्तृत जानकारी प्रदान की, ताकि उत्पादन की लागत कम हो और पैदावार में वृद्धि हो सके।
प्रशिक्षण के दौरान परियोजना प्रभारी डॉ. पद्माक्षी ठाकुर ने किसानों को अनुसंधान प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया। उन्होंने विभिन्न कंदीय फसलों की उन्नत किस्मों और उत्पादन की बारीकियों को समझाते हुए किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। फसलों को कीटों और बीमारियों से सुरक्षित रखने के संबंध में डॉ. एनसी मण्डावी ने कीट प्रबंधन के प्रभावी तरीके साझा किए, जबकि श्री प्रहलाद नेताम ने बीमारियों की पहचान और उनसे बचाव के उपायों पर चर्चा की। इसके अतिरिक्त डॉ. गुंजा ठाकुर ने किसानों को कंद फसलों के वैज्ञानिक भंडारण की विधियों से अवगत कराया, जिससे फसल की गुणवत्ता को लंबे समय तक बरकरार रखा जा सके।
उक्त प्रशिक्षण सत्र की समाप्ति पर उपस्थित किसानों को कृषि कैलेंडर 2026 सहित कोचई (अरबी) के उन्नत बीज, सब्जी बीज और आवश्यक कृषि उपकरण के रूप में कुदाली का वितरण किया गया। इस पूरे आयोजन में डॉ. नीता मिश्रा, डॉ. विनिता पाण्डेय, डॉ. चेतना खाडेकर, सोमा बन्छोर, शालिनी और रिचा सहित संस्थान के अन्य सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही। विशेषज्ञों का विश्वास है कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से टाकरागुड़ा के किसान अब अपनी खेती में नए प्रयोग कर क्षेत्र की समृद्धि में अपना योगदान देंगे।
Trending
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशीलता से पटवारियों की हड़ताल स्थगित
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राधा-कृष्ण मंदिर में की पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन में हुए शामिल
- अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ पर्यटन की धूम, बस्तर के अनछुए पर्यटन स्थलों और लोक संस्कृति ने मोहा दिल्लीवासियों का मन
- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के छत्तीसगढ़ पवेलियन में दुर्लभ पांडुलिपियों व ताम्रपत्रों का प्रदर्शन
- कांकेर जिले में अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई: 1237 क्विंटल धान जब्त, मंडी अधिनियम के तहत 16 प्रकरण दर्ज
- दंतेवाड़ा में बनेगी जनजातीय गौरव वाटिका, पारंपरिक मेला-मड़ई के संरक्षण के निर्देश- मंत्री केदार कश्यप
- दंतेवाड़ा में जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक का शुभारंभ, 1 हजार 58 खिलाड़ी दिखा रहे खेल प्रतिभा
- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन में प्रदेशवासी सभी त्योहार हर्षोल्लास से मना रहें हैं- मंत्री लखनलाल देवांगन


