खबर वर्ल्ड न्यूज-संतोष कुमार-बीजापुर। केंद्रीय विद्यालय बीजापुर के विद्यार्थियों ने सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों की शानदार सफलता पर कलेक्टर विश्वदीप ने मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
कक्षा 10वीं में छात्रा कर्णिका तिवारी ने 95.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में सर्वाेच्च स्थान हासिल किया। वहीं कक्षा 12वीं में प्राची झाड़ी ने 93.40 प्रतिशत, तरुण सिंह ठाकुर ने 90.20 प्रतिशत तथा यश्वी डोंगरे ने 88.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट सफलता हासिल की। इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं में सफलता केवल अच्छे अंकों तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह विद्यार्थियों के अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास को भी दर्शाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए उन्हें जिले की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बताया। कलेक्टर ने कहा कि कठिन परिस्थितियों के बीच विद्यार्थियों द्वारा हासिल की गई यह उपलब्धि बेहद सराहनीय है और यह साबित करती है कि निरंतर प्रयास और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री तथा बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने भी सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के संयुक्त प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में ऐसी उपलब्धियाँ जिले के विकास और उज्ज्वल भविष्य का आधार बनती हैं। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए अभिभावकों और शिक्षकों को भी इस उपलब्धि का श्रेय दिया। विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकों ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय बीजापुर हमेशा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, नैतिक मूल्यों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्रीमती नम्रता चौबे तथा विद्यालय के प्राचार्य पुष्पध्वज सहित अन्य अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।
Trending
- 21 से 25 जुलाई तक रायपुर में होगा श्रीमज्जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती का पांच दिवसीय प्रवास
- रायगढ़ में स्वास्थ्य, पर्यटन और शहरी अधोसंरचना विकास को मिलेगी नई रफ्तार -वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी
- कृत्रिम पैर से बबीता के जीवन को मिली नई दिशा, प्रशासन की संवेदनशील पहल बनी सहारा
- मानसून के दौरान उद्योगों द्वारा किए जा रहे वृक्षारोपण कार्यों की होगी समीक्षा
- रायपुर विकास प्राधिकरण की संपत्तियों की बुकिंग अब पूरी तरह ऑनलाइन
- छत्तीसगढ़ में NSS गतिविधियों को मिलेगी रफ्तार
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विभिन्न निगम, मंडल, आयोग, बोर्ड एवं अन्य संस्थाओं में नियुक्तियों पर दी बधाई
- उरला की 3D फैक्ट्री में भीषण ब्लास्ट, 3 मजदूरों की मौत, कई घायल; ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से हुआ हादसा


