खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। छत्तीसगढ़ के कथित 3,000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बेटे चैतन्य बघेल से जुड़ी कुम्हारी-जंजगीरी स्थित विट्ठल ग्रीन कॉलोनी के 355 प्लॉट अपने कब्जे में ले लिए हैं। इन संपत्तियों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 61 करोड़ रुपये बताया गया है। कार्रवाई के बाद ED ने कॉलोनी के मुख्य प्रवेश द्वार पर आधिकारिक नोटिस भी चस्पा कर दिया है।
ED के अनुसार, कथित शराब घोटाले से अर्जित अवैध धन का इस्तेमाल विट्ठल ग्रीन कॉलोनी सहित अन्य अचल संपत्तियों की खरीद में किया गया था। जब्त संपत्तियों में एक व्यावसायिक भूखंड भी शामिल है। जांच एजेंसी का आरोप है कि चैतन्य बघेल शराब सिंडिकेट के शीर्ष स्तर पर सक्रिय थे और अवैध धन के लेन-देन का हिसाब-किताब रखते थे।


