KWNS -प्रिया पाठक, रायपुर l स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में फाल्स सीलिंग मरम्मत के दौरान हुई दर्दनाक दुर्घटना में जान गंवाने वाले कर्मचारी कुबेर चंद्र साहू के परिवार के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। हादसे के बाद ठेकेदार विनीत शाह ने पीड़ित परिवार को लंबी अवधि तक आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
ठेकेदार के अनुसार, कुबेर चंद्र साहू की पत्नी को उनके पति की सेवानिवृत्ति आयु 60 वर्ष पूरी होने तक हर महीने 22 हजार रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी। वर्तमान में कुबेर की उम्र मात्र 32 वर्ष थी, यानी अगले 28 वर्षों तक यह सहायता राशि परिवार को मिलती रहेगी।
बताया जा रहा है कि कुबेर पिछले आठ-नौ महीनों से एयरपोर्ट में कार्यरत थे। पीएफ और इंश्योरेंस कटौती के बाद उन्हें हर महीने लगभग 22 हजार रुपये वेतन मिलता था। ठेकेदार ने यह भी स्पष्ट किया है कि मासिक सहायता के अलावा परिवार को पीएफ और इंश्योरेंस की पूरी राशि भी नियमानुसार दी जाएगी। साथ ही भविष्य में कुबेर की पत्नी को पीएफ खाते से मिलने वाली पेंशन योजना का लाभ भी दिलाया जाएगा।
गौरतलब है कि गुरुवार को एयरपोर्ट के फर्स्ट फ्लोर पर करीब 30 फीट ऊंचाई पर फाल्स सीलिंग रिपेयरिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान कुबेर नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से जारी बयान पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रबंधन ने दावा किया था कि अत्यधिक गर्मी के कारण कर्मचारी को चक्कर आया और वह नीचे गिर गया। हालांकि, लोगों का कहना है कि एयरपोर्ट का अधिकांश हिस्सा सेंट्रलाइज्ड एसी से लैस है, ऐसे में “गर्मी से चक्कर आने” की बात संदेह के घेरे में है। अब मामले की निष्पक्ष जांच की मांग तेज हो गई है।


