खबर वर्ल्ड न्यूज़ – प्रिया पाठक, रायपुर। शहर सीरतुन्नबी कमेटी, रायपुर के तत्वावधान में 1501वें जश्ने ईद मिलादुन्नबी ﷺ के मुबारक मौके पर बुधवार को शहर में भव्य जुलूसे ईद मिलादुन्नबी ﷺ निकाला गया। अकीदत, शानो-शौकत, अनुशासन और आपसी भाईचारे के माहौल में आयोजित इस जुलूस में रायपुर शहर सहित आसपास के विभिन्न इलाकों से हजारों की संख्या में आशिकाने रसूल ﷺ शामिल हुए।
जुलूस का आयोजन हुजूर हसनुल मशाइख हजरत सय्यद हसन अशरफ अशरफुल जिलानी, किछौछा मुकद्दसा, उत्तर प्रदेश की सरपरस्ती एवं कायदत में किया गया। उनके दस्त-ए-मुबारक से परचम-कुशाई की रस्म अदा की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में उलमा-ए-किराम, बुजुर्गाने दीन, जिम्मेदारान-ए-कौम, विभिन्न मोहल्ला कमेटियों के पदाधिकारी और अकीदतमंद मौजूद रहे।
जुलूसे ईद मिलादुन्नबी ﷺ महबूबिया चौक, बैजनाथपारा से रवाना हुआ और शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए सीरत मैदान पहुंचा। जुलूस के दौरान पूरा मार्ग नारों, सलाम और दरूद-ओ-सलाम से गूंजता रहा। लोगों ने मोहब्बत, अमन और भाईचारे का संदेश दिया।
जुलूस में घोड़े, सजे हुए ऊंट, आकर्षक झांकियां और फूलों से सजी कारें विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। कई लोगों ने अपनी कारों को विशेष रूप से सजाकर जश्ने ईद मिलादुन्नबी ﷺ की मुबारकबाद और मोहब्बत-ए-रसूल ﷺ का संदेश दिया।
हजारों की संख्या में शामिल अकीदतमंदों ने पूरे जुलूस के दौरान अनुशासन और सौहार्द बनाए रखा। जुलूस ने शहर में धार्मिक आस्था के साथ-साथ अमन, एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया।


