एसएसपी भोजराम पटेल ने खिलाड़ियों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक, प्रदेश के 30 दलों के 540 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
खबर वर्ल्ड न्यूज़ – मुंगेल। मुंगेली में 26वीं छत्तीसगढ़ जूनियर पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप 2026-27 का शुभारंभ शुक्रवार को कस्तूरी होटल के पास स्थित मैदान में हुआ। 16 से 18 अक्टूबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों के 30 दलों के 540 खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) की उपस्थिति में अतिथियों द्वारा फीता काटकर किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय ने की। इस अवसर पर वरिष्ठजन अनिल सोनी, कबड्डी संघ के अध्यक्ष शशिकांत बघेल सहित अन्य अतिथि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे।

खेल भावना, अनुशासन और मेहनत से आगे बढ़ने का संदेश
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने खिलाड़ियों को खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के साथ-साथ अपने जीवन में भी अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनानी चाहिए।
‘पहल’ अभियान के तहत साइबर सुरक्षा का संदेश

खेल प्रतियोगिता के साथ-साथ पुलिस विभाग ने खिलाड़ियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने की महत्वपूर्ण पहल भी की। जिले में संचालित ‘पहल – बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ अभियान के अंतर्गत एसएसपी भोजराम पटेल ने ‘साइबर अपराध मुक्त मुंगेली’ के संकल्प को दोहराते हुए सभी से डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित उपयोग करने की अपील की।
कार्यक्रम में पुलिस टीम के सहायक उपनिरीक्षक मधुकर रात्रे एवं बबीता श्रीवास ने खिलाड़ियों को ऑनलाइन ठगी, अनजान लिंक, फर्जी फोन कॉल और संदिग्ध संदेशों से बचने के उपाय बताए। उन्होंने समझाया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी अथवा अन्य संवेदनशील विवरण साझा नहीं करना चाहिए। किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचना चाहिए।
पुलिस टीम ने साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
540 खिलाड़ी और 30 निर्णायक होंगे शामिल
इस तीन दिवसीय चैंपियनशिप में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 30 जूनियर पुरुष कबड्डी दलों के 540 खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 30 निर्णायक भी अपनी भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
कबड्डी चैंपियनशिप के माध्यम से जहां युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है, वहीं साइबर जागरूकता कार्यक्रम उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित कर रहा है। खेल और सुरक्षा के इस समन्वित प्रयास को युवाओं के बीच जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


