खबर वर्ल्ड न्यूज़ – रायपुर l छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने प्रदेश के 24 जिलों के जिला कार्यालयों में सहायक ग्रेड-3 के 100 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती को मंजूरी दे दी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने संबंधित जिला कलेक्टरों को भर्ती प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश जारी कर दिए हैं। भर्ती को वित्त विभाग से वित्तीय मंजूरी भी मिल चुकी है। अब संबंधित जिलों की ओर से भर्ती विज्ञापन जारी होने के बाद अभ्यर्थियों को आवेदन का मौका मिलेगा। भर्ती सामान्य प्रशासन विभाग के दिशा-निर्देशों और प्रचलित सेवा भर्ती नियमों के अनुसार की जाएगी।
सहायक ग्रेड-3 के 100 पदों को अलग-अलग जिलों में बांटा गया है। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में सबसे ज्यादा 8 पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा चार जिलों में 7-7 पद और कई जिलों में 5-5 पद रखे गए हैं। सरकार ने भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश तो दे दिए हैं, लेकिन आवेदन शुरू होने की तारीख अभी सामने नहीं आई है। इसके अलावा शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, वेतनमान, आवेदन शुल्क और चयन प्रक्रिया की जानकारी भी संबंधित जिला कार्यालयों द्वारा जारी किए जाने वाले आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में दी जाएगी। इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन की तारीख या पात्रता से जुड़ी जानकारी के लिए आधिकारिक विज्ञापन का इंतजार करना होगा।


