माफियाओं पर कार्रवाई की मांग तेज
खबर वर्ल्ड न्यूज – गरियाबंद | विशेष रिपोर्ट- राजिम क्षेत्र में रेत माफियाओं के हौसले इतने बुलंद हैं कि पत्रकारों पर जानलेवा हमले और FIR दर्ज होने के बावजूद अवैध रेत खनन और परिवहन बेरोकटोक जारी है। 9 जून 2025 को पैरी नदी के पितईबंद घाट में रिपोर्टिंग करने गए पत्रकारों पर माफियाओं के गुर्गों ने हमला किया था, लेकिन अब तक न तो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकी है, न ही खनिज विभाग की कार्यप्रणाली में कोई पारदर्शिता आई है।
अवैध खनन पर प्रशासन की कार्रवाई – दो चेन माउंटेन जब्त
13 जून को खनिज और राजस्व विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बकली क्षेत्र में अवैध खनन करते पाए गए दो चेन माउंटेन जब्त किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई, लेकिन सवाल यह उठ रहे हैं कि क्या यह कार्रवाई हमले की बढ़ती मीडिया कवरेज का नतीजा है?
पत्रकारों पर हमला: कैमरे और ID छीने, जान बचाकर भागे पत्रकार
9 जून को पत्रकार इमरान मेमन, थानेश्वर साहू, जितेंद्र सिन्हा और अन्य मीडियाकर्मी पैरी नदी पर अवैध खनन की ग्राउंड रिपोर्टिंग करने पहुंचे थे। कवरेज के दौरान पत्रकारों ने जैसे ही खनिज विभाग को फोन पर अवैध रेत परिवहन की सूचना दी, उसी समय खदान संचालक के 7–8 गुर्गे वहां पहुंचे और पत्रकारों के कैमरे व पहचान पत्र छीन लिए।
इसके बाद गुर्गों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जान बचाने के लिए पत्रकार खेतों और खलिहानों में छिपते रहे, लेकिन गुर्गे बाइक और स्कूटी से पीछा करते रहे।
प्रशासन की लापरवाही: सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंचा खनिज विभाग
हमले से पहले पत्रकारों ने खनिज विभाग को अवैध खनन की सूचना दी थी, लेकिन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके बजाय माफिया के गुर्गे पहले वहां पहुंच गए, जिससे खनिज विभाग और माफियाओं की साठगांठ के आरोप और भी मजबूत हो गए हैं।
वीडियो संदेश से मचा हड़कंप, FIR दर्ज
घटना के तुरंत बाद पत्रकार इमरान मेमन ने मीडिया और प्रशासनिक अफसरों के ग्रुप में एक वीडियो संदेश भेजा, जिसमें उन्होंने मदद की गुहार लगाई। संदेश के बाद कलेक्टर भगवान सिंह ने एसडीएम को मौके पर भेजा, और एडिशनल एसपी जितेंद्र चंद्राकर ने तत्काल राजिम पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसके बाद FIR दर्ज हुई, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
धरना-प्रदर्शन और मांगें: अवैध खदानों को सील करो
12 जून की शाम 6 बजे पत्रकारों ने सुंदरलाल शर्मा चौक, राजिम में धरना दिया। पत्रकारों ने मांग की कि:
-
हमले के मुख्य आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
-
पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
-
राजिम इलाके में चल रहे सभी अवैध रेत खदानों को तत्काल बंद किया जाए।
-
खनिज विभाग के अधिकारियों की भूमिका की उच्च स्तरीय जांच हो।
सांठगांठ के आरोप और राजनीतिक चुप्पी
धरने में पत्रकारों ने आरोप लगाया कि खनिज विभाग की चुप्पी और मौके पर न पहुंचना इस बात का संकेत है कि विभाग माफियाओं के साथ मिला हुआ है। अब तक जिला खनिज अधिकारी की भूमिका पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। वहीं, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी इस मुद्दे पर मौन हैं।


