कोरबा में न्याय की आड़ में अन्याय का सनसनीखेज मामला
खबर वर्ल्ड न्यूज-कोरबा। कोरबा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने न्याय की आस में एक वकील से मदद मांगी, लेकिन उसे न्याय के बदले धोखा और शोषण मिला। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहने वाली एक तलाकशुदा महिला की शिकायत पर पुलिस ने एक नामी वकील को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में हिरासत में लिया है। आरोपी की पहचान अधिवक्ता श्रीराम श्रीवास के रूप में हुई है।
* घटना का पूरा विवरण:
सिविल लाइन थाना प्रभारी से मिली जानकारी के अनुसार, 35 वर्षीय महिला जो पिछले कुछ वर्षों से तलाकशुदा है, वर्ष 2020 में किसी कानूनी काम के सिलसिले में आरोपी वकील श्रीराम श्रीवास से मिली थी। यह मुलाकात धीरे-धीरे एक निजी रिश्ते में तब्दील हो गई। आरोप है कि वकील ने महिला को शादी का झांसा देकर कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
* जब रिश्ते की सच्चाई सामने आई:
लगभग तीन साल तक संबंधों में रहने के बाद जब महिला ने शादी की बात दोहराई तो आरोपी मुकर गया और महिला से दूरी बनाने लगा। खुद को ठगा महसूस करने के बाद महिला ने साहस जुटाकर सिविल लाइन थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
* पुलिस का बयान:
सीएसपी भूषण एक्का ने बताया,
“आरोपी पेशे से वकील है और महिला के साथ पिछले कुछ वर्षों से संबंध में था। महिला की शिकायत पर आईपीसी की धारा 376 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और आगे की जांच में अन्य तथ्य सामने आ सकते हैं।”

