खबर वर्ल्ड 24 न्यूज- रायपुर। भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर छत्तीसगढ़ सरकार ने सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी हैं। विशेष रूप से साइबर हमलों की आशंका को देखते हुए राज्य सरकार अलर्ट मोड पर आ गई है। शनिवार को गृहमंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में सभी सरकारी संस्थान और सुरक्षा एजेंसियां साइबर अटैक से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
गृहमंत्री ने कहा, “पाकिस्तान ड्रोन और साइबर हमलों का सहारा ले रहा है, लेकिन भारत की सेना और सुरक्षाबल पूरी मुस्तैदी से इन हमलों को हवा में ही नाकाम कर रहे हैं।” विजय शर्मा ने पाकिस्तान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो अंतिम निर्णय लेने में भारत को संकोच नहीं होगा।
साइबर अटैक की आशंका, दिशा-निर्देश आज
गृह विभाग ने संकेत दिए हैं कि आज ही पुलिस, स्वास्थ्य, आईटी और अन्य महत्वपूर्ण विभागों के लिए विशेष साइबर सुरक्षा दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। इन दिशा-निर्देशों में संभावित हमलों से बचाव, इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों की नियुक्ति और साइबर निगरानी को सशक्त बनाने जैसे बिंदु शामिल होंगे।

