खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। रायपुर शहर के उरला थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 38 वर्षीय व्यक्ति ने सिर्फ दो सौ रुपये के लिए अपनी 70 वर्षीय मां की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी की पहचान ई-रिक्शा चालक प्रदीप देवांगन के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।
? क्या है मामला?
प्रदीप जर्मन शेफर्ड नस्ल का कुत्ता खरीदना चाहता था। उसके पास 600 रुपये थे, लेकिन कुत्ते की कीमत 800 रुपये बताई जा रही थी। दो सौ रुपये की कमी को पूरा करने के लिए उसने अपनी बुजुर्ग मां से पैसे मांगे। जब मां ने पैसे देने से इनकार किया, तो विवाद बढ़ गया।
गुस्से में आकर प्रदीप ने अपनी मां चम्पा देवांगन (70 वर्ष) के सिर पर हथौड़े से कई वार कर दिए। उस समय वह बिस्तर पर लेटी हुई थीं। चीख-पुकार सुनकर बीच-बचाव करने आई उसकी पत्नी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
? 15 वर्षीय बेटे ने बचाई बहू की जान
घटना के वक्त प्रदीप का 15 वर्षीय बेटा भी घर में मौजूद था। जब उसने अपने पिता की ये हिंसक हरकत देखी तो डर के मारे घर से भागकर पास के पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। पड़ोसियों की मदद से तुरंत घायल मां और बहू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने चम्पा देवांगन को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
?♂️ पुलिस ने 24 घंटे में पकड़ा आरोपी
घटना के बाद आरोपी घर से फरार हो गया था। पुलिस ने फरारी को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम बनाई और मोबाइल लोकेशन व मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी उरला का बयान:
“यह एक अत्यंत ही दुखद और क्रूर घटना है। आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा है। हत्या में प्रयुक्त हथौड़ा जब्त कर लिया गया है और IPC की धारा 302 (हत्या) और 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।”

