नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने खुद कई मामलों में CBI और ED की जांच की मांग की थी- विजय शर्मा
खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित महादेव सट्टा एप घोटाले की जांच में बड़ी कार्रवाई हुई है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने आज तड़के प्रदेश के कई प्रमुख स्थानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके करीबी राजनीतिक सलाहकार, और कई वरिष्ठ अधिकारियों के ठिकानों पर रेड की गई, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल मच गई है। इस छापेमारी को लेकर पक्ष-विपक्ष में जोरदार बयानबाजी शुरू हो गई है।
छापेमारी का विस्तार:
CBI की टीम ने रायपुर, भिलाई समेत छत्तीसगढ़ के दो दर्जन से अधिक स्थानों पर छापेमारी की। जिन प्रमुख हस्तियों के ठिकानों पर यह कार्रवाई हुई, उनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:
-
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल
-
राजनीतिक सलाहकार विनोद वर्मा
-
सीएम सचिवालय की पूर्व उप सचिव सौम्या चौरसिया
-
विधायक देवेंद्र यादव
-
पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा
-
IPS अधिकारी आनंद छाबड़ा
-
IPS अधिकारी अभिषेक पल्लव
-
IPS अधिकारी आरिफ शेख
-
IPS अधिकारी प्रशांत अग्रवाल
-
एडिशनल एसपी अभिषेक महेश्वरी
-
एडिशनल एसपी संजय ध्रुव
-
KPS ग्रुप के निशांत त्रिपाठी
-
पूर्व OSD मनीष बंछोर और आशीष वर्मा
-
निरीक्षक गिरीश तिवारी
इन सभी पर छापेमारी की कार्रवाई से प्रदेश में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। CBI ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं।
गृह मंत्री विजय शर्मा का बयान:
गृह मंत्री विजय शर्मा ने इस छापेमारी को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “CBI की रेड की जानकारी मिली है, लेकिन किस विषय की जांच हो रही है, इसकी जानकारी नहीं है। अनेक मामलों की जांच CBI को सौंपी गई है और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने खुद कई मामलों में CBI और ED की जांच की मांग की थी। उनके कहने पर ही यह जांच चल रही है।”
शर्मा ने विपक्ष पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस, जो केंद्रीय एजेंसियों के दुरुपयोग का आरोप लगा रही है, शायद यह भूल रही है कि उनके ही नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने CBI और ED से जांच की मांग की थी। उन्होंने आगे कहा, “नेता प्रतिपक्ष ने सदन में यह तक कहा था कि अगर जांच नहीं होगी तो वह प्रधानमंत्री को पत्र लिखेंगे। इससे स्पष्ट है कि उन्हें भी CBI और ED पर पूरा भरोसा है।”
कांग्रेस का आरोप:
कांग्रेस पार्टी ने इस छापेमारी को लेकर केंद्र सरकार पर राजनीतिक बदले की कार्रवाई का आरोप लगाया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर विपक्ष को दबाने का प्रयास कर रही है।
सियासी बवाल:
इस छापेमारी के बाद राज्य में राजनीतिक माहौल तेजी से गर्म हो गया है। विपक्ष इसे न्याय की दिशा में सही कदम बता रहा है, जबकि कांग्रेस इसे केंद्र सरकार की साजिश कह रही है।

