पेट की समस्या को भी कर देगा छूमंतर
नई दिल्ली। अक्टूबर से लेकर नवंबर तक बाज़ार में एक ऐसे फल की बहार नज़र आती है, जिसे न्यूट्रिशियश वैल्यू में ज्यादातर फलों से बेहतर माना जाता है। हालांकि आम, सेब तथा केला जैसे फलों के मुकाबले इसकी डिमांड बेहद कम होती है, लेकिन स्वास्थ्यवर्धक गुणों के मामले में ये इन सभी फलों पर भारी है। सर्दियों में सिर्फ दो महीने मिलने वाले इस फल को सीताफल यानि शरीफा के नाम से जाना जाता है। जानकारों की माने तो, सीताफल में पोषक तत्वों का खजाना छिपा होता है। ऐसे में इस फल का सेवन शरीर में कई बड़े सकारात्मक बदलाव का कारण बनता है।
दर्जनों पोषक तत्वों का भंडार है शरीफा
पिछले 45 वर्षों से कार्यरत, पतंजलि आयुर्वेदाचार्य भुवनेश पांडे बताते हैं कि सीताफल में कैल्शियम की मात्रा भरपूर पाई जाती है। इसके अलावा इसमें फॉस्फोरस, पोटैशियम, विटामिन सी तथा फाइबर समेत अन्य दर्जनों पोषक तत्व पाए जाते हैं। इतना ही नहीं, इस फल में एंटी ऑक्सीडेंट्स जैसे तत्व भी पाए जाते हैं, जो त्वचा संबंधी कई समस्याओं के समाधान के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति इसका सेवन करता है, तो हड्डियों से लेकर त्वचा तक की समस्या का समाधान हो सकता है।
हड्डियों को मजबूत बनाता है कैल्शियम
बकौल आयुर्वेदाचार्य, सीताफल में कैल्शियम और फास्फोरस भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। ऐसे में इसका सेवन शरीर में कैल्शियम की कमी को पूरा करता है, जिससे हड्डियों से संबंधित समस्या का निदान होता है। आपको जानकर हैरानी होगी कि सीताफल के पत्तों का उपयोग त्वचा की कई समस्याओं के लिए किया जाता है। इसमें विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो स्किन को हेल्दी और ग्लोइंग तथा नरिश करते हैं ।इनके पत्तों में एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं जो कील-मुंहासे तथा झुर्रियों जैसी समस्या का निदान करते हैं।आपको इनके पत्तों का पेस्ट बनाकर त्वचा पर जरूर लगाना चाहिए। इससे त्वचा की गंदगी साफ होती है और त्वचा मुलायम तथा कोमल बनती है।
आंखों की समस्या में लाभप्रद है ल्यूटिन
सीताफल में ल्यूटिन की मात्रा अधिक होती है। ऐसे में जो लोग कमजोर आंख की रोशनी तथा मोतियाबिंद जैसी समस्या से परेशान हैं, उन्हें इस फल का सेवन अनिवार्य रूप से करना चाहिए। सीताफल में कॉपर और डाइट्री फाइबर भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन तंत्र को स्वास्थ बनाए रखने में मदद करता है। इसमें मौजूद मैग्नीशियम अपच और पेट से जुड़ी कई परेशानियों को दूर करने में मददगार साबित हो सकता है।

