खबर वर्ल्ड न्यूज-रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मीडिया सलाहकार पंकज कुमार झा ने बैक-टू-बैक सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने पीसीसी चीफ दीपक बैज को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की संगत छोड़ने की भी सलाह दी है। उन्होंने लिखा कि, अगर वो उनके संगत में रहेंगे तो कहीं के नहीं रह जाएंगे।
इसके अलावा उन्होंने कांग्रेस कार्यकाल के दौरान नक्सल-पुलिस मुठभेड़ और कोरोना काल के समय में पीसीसी चीफ दीपक बैज सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं के जश्न मनाते हुए कुछ पुरानी तस्वीरें साझा की हैं।
पहले पोस्ट में लिखा, आइये दीपक बैज, आपको बताता भी हूं और याद भी दिलाता हूं कि पिकनिक किसे कहते हैं! याद आया या तारीख समेत बतायें? तारीख 4 अप्रैल 2021 थी। बस्तर में हमारे वीर जवान नक्सलियों से लोहा ले रहे थे। कुल 22 वीरों ने शहादत दी थी उस दिन। असम में चुनाव का दौर था। आप उसी बस्तर से सांसद थे, जबकि बगल में दिख रहे सज्जन मुख्यमंत्री थे छत्तीसगढ़ के। दोनों दिन भर की ‘चुनावी थकान’ इस तरह हास-परिहास कर उतार रहे थे असम में। इधर शहीद वीरों के शवों को एकत्र करना, गिना जाना जारी था।
उसी दिन भारत के गृह मंत्री अमित शाह भी असम में थे। वे अपना सारा चुनावी कार्यक्रम रद्द कर रायपुर के लिए तत्क्षण विदा हो गए थे। जब आप और आपके सीएम इस तरह मजे कर रहे थे। न केवल मजे कर रहे थे बल्कि हंसते हुए नूरानी चेहरों के साथ पोस्ट भी कर रहे थे, सोशल मीडिया पर, तब तक भाजपा नेता और देश के गृह मंत्री की बैठक भी हो चुकी थी।

