खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-कोंडागांव। जिले के केशकाल थाना क्षेत्र अंर्तगत केशकाल घाट में घाट नंबर-3 पर एक महिला का शव बरामद किया गया। मृतका की शिनाख्त कवर्धा निवासी सपना विश्वकर्मा के रूप में की गई है। जांच में ज्ञात हुआ कि महिला की हत्या कर उसका शव घाट पर फेंका गया था। कवर्धा पुलिस ने हत्या के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। केशकाल थाना प्रभारी विकास बघेल ने बताया कि कवर्धा से आई टीम ने केशकाल घाट नंबर-3 से एक महिला के शव को फेंके जाने की सूचना दी। इसके बाद केशकाल थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर गए, जहां महिला का शव बरामद किया गया।
कवर्धा से आई पुलिस टीम ने बताया कि मृतका का नाम सपना विश्वकर्मा उम्र 39 वर्ष है। वह दसरनपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के बाघामुड़ा में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थी। शिक्षिका शादीशुदा थी, लेकिन कुछ वर्ष पहले अपने पति को छोड़ चुकी थी। संभवत ऐसा बताया जा रहा है कि एक व दो अगस्त की रात को महिला की हत्या करने के बाद आरोपियों ने महिला के शव को गाड़ी में रखकर केशकाल पहुंचकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए उसे केशकाल के घाट नंबर तीन में शव फेंककर फरार हो गए। गुम हुई शिक्षिका के परिजनों द्वारा मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद से ही पुलिस लगातार जांच कर रही थी। जांच के दौरान पुलिस ने एक संदेही को गिरफ्तार किया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि शव को ठिकाने लगाने के लिए केशकाल लाया गया, जहां उसे फेंककर चले गए। फिलहाल पुलिस ने 12 दिन के बाद शव को खोज निकाला है उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं, पकड़े गए संदेही से लगातार पूछताछ जारी है।

