खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-नारायणपुर। भारत में पाए जाने वाले हिरणों की 12 प्रजातियों में से माउस डियर विश्व में सबसे छोटे हिरण समूह में से एक है, विश्व में सबसे छोटे हिरण प्रजाति के माउस डियर का वैज्ञानिक नाम मोसियोला इंडिका। बस्तर के जंगलों में इस विलुप्त प्राय श्रेणी में रखे गए माउस डियर मिलने का क्रम जारी है। कांगेर घाटी नेशनल पार्क के बाद अब माउस डियर का एक जोड़ा नारायणपुर के जंगलों में दिखा है। वन विभाग ने उस स्थान को संरक्षित करने का प्रयास शुरू कर दिया है। सीसीएफ वाइल्ड लाइफ आरसी दुग्गा ने बताया कि कुछ दिनों पहले नारायणपुर के अंदरूनी इलाके में माउस डियर का जोड़ा दिखा था। इसे सुरक्षित रखने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। इलाके को संरक्षित कर विशेष तौर पर माउस डियर के लिए प्रतिकूल माहौल बनाने का काम किया जा रहा है।
उल्लेखनिय है कि भारत में पाए जाने वाले माउस डियर (मोसियोला इंडिका) का रहवास विशेष रूप से घने झाड़ियों वालो नमी वाले जंगलों में होता है। माउस डियर में चूहे- सुअर और हिरण के रूप और आकार का मिश्रण दिखाई देता है और बिना सींग वाले हिरण का एकमात्र समूह है। माउस डियर के शर्मीले व्यवहार और रात्रिकालीन गतिविधि के कारण इनमें विशेष रिसर्च नहीं हुआ है। मुख्य रूप से दक्षिण एशिया और दक्षिण पूर्व एशिया के उष्णकटिबंधीय नम पर्णपाती वनों में माउस डियर की उपस्थिति दर्ज़ हुई है। वनों में लगने वाली आग, बढ़ते हुए अतिक्रमण और शिकार के दबाव से माउस डियर की आबादी को गंभीर खतरे का सामना करना पड़ रहा है। वर्तमान में इन प्रजातियों को बचाने के प्रयास की आवश्यकता है।
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान के संचालक धम्मशील गणवीर के अनुसार कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में ऐसे वन्यजीव के लिए उपयुक्त रहवास होने से और राष्ट्रीय उद्यान प्रबंधन द्वारा वन्य जीवों के संरक्षण हेतु लगातार चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के प्रयास एवं स्थानीय लोगो के सहभागिता से माउस डियर जैसे दुर्लभ प्रजातियों की वापसी देखी जाने से राज्य शासन की वन्यजीव संरक्षण का उद्देश साकार हो रहा है। माउस डियर जिसका वैज्ञानिक नाम मोसियोला इंडिका है, जो विश्व की सबसे छोटी हिरण की प्रजाति है।

