खबर वर्ल्ड न्यूज-ग्वालियर। ग्वालियर में हथकरघा (हैंडलूम) का बाजार भी तेजी से बढ़ रहा है। शहर में हथकरघा बड़ी इकाई भी हैं। जिससे करोड़ों का कारोबार होता है। शहर में हथकरघा से तैयार उत्पादों की देशभर में काफी मांग है। इतना ही नहीं हमारे यहां के उत्पाद विदेश तक अपनी पहुंच बना चुके हैं। यही वजह है कि सालाना कारोबार दो करोड़ से अधिक का है। तानसेन नगर स्थित औद्योगिक क्षेत्र में तैयार होने वाले हथकरघा चादर श्रीलंका तक पहुंच चुके हैं। इसके अलावा महाराष्ट्र, दिल्ली, राजस्थान तक इनकी जबरदस्त मांग है।
हथकरघा से बनी दरी, सोफा सेट भी महाराष्ट्र गुजरात, राजस्थान के साथ देश भर में पहुंचते हैं। शहर में सिकंदर कंपू, आपागंज, लक्ष्मीगंज, राममंदिर, गदाईपुरा में इनके केन्द्र हैं। जहां न केवल उत्पादों की विभिन्न वैरायटी तैयार होती हैं बल्कि सैकड़ों लोगों को राेजगार भी मिलता है।
अब लोगों की पसंद बन रहे उत्पाद
शहर में यूं तो देश के तमाम शहरों में बनने वाले हथकरघा के उत्पाद आते हैं, लेकिन हमारे यहां के उत्पाद भी देशभर में धूम मचाए हुए हैं। हथकरघा उत्पाद लोगों की पसंद बनते जा रहे हैं इसलिए इनकी खासी बिक्री भी हो जाती है। हथकरघा से बने केवल कपड़े ही नहीं बल्कि दरी, चादर, पर्दे आदि का भी बढ़ा कारोबार है।
साउथ, गुजरात के प्रिंट निखार देते हैं हथकरघा उत्पाद को
* कारोबारी अक्षय भारद्वाज बताते हैं कि साउथ, गुजरात, धार के विभिन्न प्रिंट महिला एवं पुरुषों के लिए तैयार होने वाले कुर्ते और कुर्तियों में निखार ला लेते हैं।
* इनमें धार का बाघ प्रिंट, गुजरात का अजरक, साउथ का ब्लैक प्रिंट, भुज का बंधेज प्रिंट शामिल है।
* ग्वालियर शहर के तानसेन नगर के औद्योगिक क्षेत्र में हथकरघा उत्पाद तैयार किए जाते हैं।
* ग्वालियर के कारोबारी राकेश पवार बताते हैं कि वह तीस साल से हथकरघा धंधे में हैं।
* पावरलूम उद्योग से कटिंग मंगाकर दरी, सोफासेट व अन्य उत्पाद तैयार किए जाते हैं। इनको देशभर में बिक्री के लिए भेजा जाता है।
शहर में हथकरघा उद्योग से चार सौ परिवार जुड़े हैं। साल का दो करोड़ का टर्न ओवर है। यहां बने उत्पाद देशभर में बिक्री के लिए जाते हैं। हमारे यहां बना चादर श्रीलंका तक पहुंच चुका है। वर्तमान में दस केन्द्र कार्यशील हैं।-केएन गुप्ता, सहायक संचालक हथकरघा
हथकरघा के रजिस्टर्ड केन्द्र तीस, दस कार्यशील
शहर में हथकरघा के रजिस्टर्ड केन्द्र तीस हैं। इनमें से दस कार्यशील हैं। इन कार्यशील केन्द्रों पर ही इतने उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं जिनकी देश भर में मांग है। इसके साथ ही हैंडलूम की चालीस इकाई हैं। कारोबारी बताते हैं कि त्यौहारी सीजन में हथकरघा उत्पादों की मांग ज्यादा बढ़ जाती है। बिक्री का स्तर भी काफी उम्मीद से ज्यादा हो जाता है।
बुनकरों का होगा सम्मान
राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग बुनकरों का सम्मान करेगा। मेला स्थित हस्तशिल्प बाजार में कार्यक्रम का आयोजन होगा। करीब पचास बुनकरों का नारियल श्रीफल देकर सम्मान किया जाएगा। दोपहर दो बजे से कार्यक्रम की शुरूआत होगी।

