आरक्षण पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले का विरोध जताते की थी पोस्ट
बैतूल। सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश को मारने की धमकी वाली पोस्ट इंटरनेट मीडिया (फेसबुक) पर करने वाले मध्य प्रदेश में भीम सेना के प्रदेश संयोजक पंकज अतुलकर को बेतूल जिले की पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उस पर यहां के गंज थाने में सोमवार को एफआइआर दर्ज की गई थी।
सर्वोच्च न्यायालय ने सोमवार को एससी-एसटी वर्ग के आरक्षण को लेकर फैसला दिया था। इसके विरोध में भीम सेना के प्रदेश संयोजक ने धमकी वाली पोस्ट की थी। गंज थाना पुलिस ने आरोपित अतुलकर के खिलाफ बीएनएस की धारा 196(1), 351(3), 66 आइटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया था।
34 वर्षीय आरोपित को बैतूल में लिंक रोड स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर पुलिस ने उसका मोबाइल भी जब्त किया है। उसे सीजेएम न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने आरोपित के जमानत आवेदन को निरस्त कर जेल भेजने के आदेश दिए।

