खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-बीजापुर। जिले की पुलिस ने भाजपा नेता और युवा आयोग के पूर्व सदस्य अजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर आदिवासी समाज के एक युवक के साथ जातिगत गाली-गलौच का आरोप लगा है। दो दिन पहले आदिवासी समाज ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया था। बताया जा रहा है कि बांगापाल थाना क्षेत्र से उन्हें गिरफ्तार किया गया है। हालांकि इस गिरफ्तारी को लेकर के पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
आदिवासी समाज का कहना है कि किसी मामले को लेकर अजय सिंह ने आदिवासी समाज के एक युवक को जातिगत गालियां देने के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई गई थी। इसके साथ ही गिरफ्तारी की मांग को लेकर बीजापुर जिले के पुलिस अधिक्षक को ज्ञापन सौंपा गया था। विदित हाे कि अजय सिंह पहले कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में से एक थे, वे महेंद्र कर्मा के करीबी थे। झीरम हमले में नक्सलियों की गोलियों से बचकर निकले थे। प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार आई तो इन्हें युवा आयोग का सदस्य बनाया गया था। बीजापुर विधानसभा से क्षेत्रीय विधायक विक्रम मांडवी के साथ उनके रिश्ते ठीक नहीं थे। दोनों के बीच काफी आरोप प्रत्यारोप हुआ था। जिसके बाद पार्टी ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया था। जिसके बाद अजय सिंह ने कुछ महीने पहले भाजपा की सदस्यता ली थी।

