खबर वर्ल्ड न्यूज-रमेश अग्रवाल-रायगढ। शिक्षा उपकर के नाम पर हर करदाता से भी अवैध वसूली, नगरीय प्रशासन मंत्री से हुई शिकायतरायगढ़ नगर निगम में हर महीने लाखों की अवैध वसूली हो रही है। लोग अपनी पाई-पाई बचाकर घर बनाने की सोचते हैं, घर बनाना एक मील का पत्थर माना जाता है। पर लोगों की इन उम्मीदों पर सबसे पहला कुठाराघात नगर निगम करती है। भवन अनुज्ञा के नाम पर निगम आमजनों से 288 रूपये प्रति वर्ग मीटर, विकास शुल्क वसूल रही है।
विकास शुल्क कालोनाइजर निर्बंधन शर्तें नियम 2013 के नियम 12/5 एवं 15/6 के अनुसार लिये जाने का नियम है। यह कालोनाइजर के लिए लागू है तथा ऐसा क्षेत्र जो विकसित नहीं है उसका प्राक्कलन कर लगाये जाने के नियम हैं। रायगढ़ में तो हर उस व्यक्ति से यह विकास शुल्क (डेवलपमेंट चार्ज) लिया जा रहा है जो घर बनाने की अनुमति लेने आता है। अमूमन लोग नियमानुसार घर नहीं बनाते, कहने का अर्थ है कि प्लाट में चारो ओर करीब 45 फीसदी जमीन छोड़ने के बाद ही घर बनाये जाने का नियम है जिसका लोग पालन नहीं करते।
निगम की ओर से कोई अडंगा नहीं लगे इस कारण वह भी इस अवैध वसूली का शिकार होते हैं। कई दफे कुछ ऐसे लोग भी आ जाते हैं जो टाउन प्लानिंग के हिसाब से घर बनाते हैं तो कुछ राशि की रियायत दे दी जाती है पर विकास शुल्क लिया जाता है। बताना लाजमी होगा कि जो निगम चार आना भी नहीं छोड़ती वह बड़ी रकम में कैसे और किस मद से छूट देती है।

