बिजली की अघोषित कटौती से हर तरफ जनता है परेशान,तो फिर क्या है इसका निदान
खबर वर्ल्ड न्यूज-रमेश अग्रवाल-रायगढ। रिकार्ड 30 प्रतिशत लोड बढ़ा नतीजतन लाइन और ट्रांसफॉर्मर में आ रहे लगातार फॉल्ट, रायगढ़ शहरी क्षेत्र को अलग डिवीजन बनाने की उठी मांगबिजली कटौती से लोग परेशान है, हल्की सी बारिश या मौसम बदलते ही बिजली घंटो या कहीं दिन-दिनभर बाधित हो रही है। लोगों का विभाग के प्रति गुस्सा चरम पर है। वह सोशल मीडिया से लेकर बिजली विभाग में अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। सवाल सबसे बड़ा यह है कि आखिर बिजली सरप्लस राज्य के औद्योगिक शहर रायगढ़ में बिजली को लेकर इतनी हाय-तौबा क्यों मची है क्या वास्तव में इसका जिम्मेदार बिजली विभाग है ?
इन्हीं सब बातों पर हमनें बिजली विभाग और लोगों से बात की, दावों और शिकायतों में काफी अंतर मिला। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार हर साल 5 प्रतिशत की दर से उपभोक्ता बढ़ रहे हैं पर बिजली खपत 25 प्रतिशत की दर से बढ़ रही है। फरवरी माह में शहर का बिजली का लोड जो एक समय पर 40 मेगावाट होता है वह मई-जून में 80 मेगावाट तक पहुंच जाता है।
एयरकंडीशनर की बिक्री अभी बूम पर है, दुकानों में एसी खरीदने के लिए टोकन मिल रहे हैं। यह लोड बढ़ाने वालों तत्वों में शामिल है। शहरी क्षेत्र में 55,000 उपभोक्ता हैं। फीडर के माध्यम से उपभोक्ताओं तक बिजली पहुंचाने में दिक्कत नहीं है डिमांड के अनुरूप सप्लाई भी है। लेकिन कई मर्तबे देखा जाता है कि जनरेश और ट्रांसमिशन के छोर से भी बिजली सप्लाई बाधित होती है।
इस बार मौसम काफी गर्म है जिसके कारण अनुमानित 10 प्रतिशत से लोड बढ़कर 30 प्रतिशत तक बढ़ गया जिसके कारण लाइन और ट्रांसफार्मर में लगातार फॉल्ट आ रहे हैं। आसान शब्दों में कहा जाए तो लोग अपने घर में कूलर से एसी में शिफ्ट तो हो गए पर उनका घरेलू लोड नहीं बढ़ रहा जहां 1000 वाट का डिमांड लोड था वहां अब एक एसी के आने से 2200 वाट लग रहा है कई घरों में एक से अधिक एसी हैं ऐसे में सारा लोड ट्रांसफॉर्मर और मेन सप्लाई में आ रहा है।
अब इन्हें सुधारने की जिन पर जिन पर जिम्मेदारी है वहां भी 50 फीसदी कम कर्मचारी हैं। शहरी क्षेत्र में सुधारने के लिए चार गैंग हैं, एक गैंग में ड्राइवर मिलाकर 4 लोग होते हैं एक समय में कई जगह कार्य नहीं कर पाते। मानसून अभी ठीक से नहीं आया है कहने का अर्थ है कि पानी का लगातार गिरना बाकी है जिसके कारण कुछ फाल्ट जो अवश्यसंभावी होते हैं उसे विभाग ठीक कर लेता है इसमें इंसुलेटर का सेट होना आदि शामिल है। वर्तमान में जरा सी बारिश में इंसुलेटर ब्लास्ट हो जा रहे जिन्हें ठीक करने में समय लग जा रहा है।

