गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिए निर्देश
खबर वर्ल्ड न्यूज-रमेश अग्रवाल-रायगढ। उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने रायगढ़ प्रवास के दौरान कलेक्टोरेट सभाकक्ष में लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और नगरीय प्रशासन विभाग के कामकाज की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को उनके दिए गए जिम्मेदारियों का स्वयं मूल्यांकन करते हुए कामों को बेहतर ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साव ने पीडब्ल्यूडी, पीएचई और नगरीय निकाय में किए जा रहे सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।
साव ने लोक निर्माण विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान कहा कि कार्यों का सही समय में गुणवत्ता के साथ पूरा होना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को काम में देरी से बचने और गुणवत्ता नियंत्रण के लिए लगातार फील्ड पर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा की और जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर कार्तिकेया गोयल ने बताया कि मिशन के कार्यों की पूर्णता के लिए स्थल विवाद, जल स्रोत परीक्षण और बिजली की उपलब्धता पर ध्यान दिया जा रहा है। साव ने जल जीवन मिशन के सभी कार्यों को मिशन मोड पर पूरा करने के निर्देश दिए।

