नई दिल्ली। गर्मियों के मौसम की धूप में रहने से शरीर में पानी की कमी होने लगती है। ऐसे में ज्यादातर लोग ठंडा पानी पीना पसंद करते हैं। यह आपको कुछ पल के लिए ठंडक का एहसास तो कराता है। लेकिन बाहर से आने के तुरंत बाद ठंडा पानी पीने से सेहत पर गलत प्रभाव भी पड़ सकते हैं।
बाहर की गर्मी से निकलने के तुरंत बाद ठंडा पानी पीने की आदत आपके शरीर में बीमारियों को आने का न्योता दे सकती है। इसलिए गर्मी से निकलने पर सामान्य तापमान के पानी का सेवन करना सेहत के लिए ज्यादा सही माना जाता है। अगर आप भी घर आकर सबसे पहले फ्रिज से ठंडा पानी निकालकर पीते हैं, तो इससे होने वाले नुकसान के बारे में आपको पता होना बहुत जरूरी है। आइए जानते हैं, ठंडा पानी पीने से होने वाले नुकसानों के बारे में।
गर्मी से निकलकर तुरंत ठंडा पानी पीने के हो सकते हैं ये नुकसान
पाचन से जुड़ी समस्याएं
गर्मी में ठंडा पानी पीने से पेट के स्वास्थ्य पर असर पड़ सकता है, जिससे पाचन क्रिया धीमी हो सकती है। इससे पेट दर्द, अपच, ब्लोटिंग और अन्य पाचन से जुड़ी समस्याएं भी हो सकती हैं।
गले की समस्याएं
ठंडा पानी पीने से गले में सर्दी या खराश हो सकती है। खासकर अगर शरीर पहले से ही गर्म हो, तो इसका प्रभाव और ज्यादा हो सकता है।
सर्दी-जुकाम
ठंडा पानी पीने से आपके शरीर का तापमान अचानक से कम हो सकता है, जिससे सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ज्यादा सेंसिटिव लोगों को ठंडा पानी पीने से बुखार भी हो सकता है।
दिल के स्वास्थ्य का जोखिम
ठंडा पानी अचानक से पीने पर दिल पर असर पड़ सकता है, जिससे कुछ देर के लिए दिल की धड़कन अनियमित हो सकती है। ये शरीर के तापमान में अचानक बदलाव होने के कारण होता है।
दांतों की समस्याएं
ज्यादा ठंडा पानी पीने से दांतों में सेंसिटिविटी बढ़ सकती है और दांतों में दर्द हो सकता है। सेंसिटिव दातों वाले लोगों को कोई भी ठंडा फूड आइटम खाने से इस पेरशानी का सामना करना पड़ सकता है।

