खबर वर्ल्ड न्यूज-दुर्ग। दुर्ग जिले में बीती रात दर्दनाक हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है, दरअसल मंगलवार की रात मजदूरों को लेकर बस कुम्हारी चौक से केडिया कंपनी की ओर जा रही थी। इस दौरान बस अनियंत्रित होकर खदान में गिर गई। हादसे में 14 लोगों की मौत हुई है। वहीं दो दर्जन से अधिक श्रमिकों को गंभीर चोट लगी है। वहीँ 10 लोग एम्स में भर्ती हैं जिनसे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुलाकात की। वहीं सीएम साय ने एम्स में चल रहे घायलों को हाल-चाल जाना और बेहतर इलाज के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही शासन-प्रशासन, कलेक्टर, एसपी मौके पर रात में ही पहुंचे। साथ ही डिप्टी सीएम विजय शर्मा भी रात में ही एस्म पहुंचे थे। इस घटना पर पीएम नरेन्द्र मोदी, राज्यपाल समेत कई लोगों ने संवेदना व्यक्त की है। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि मृतक परिवार के एक सदस्य को नौकरी और 10 लाख रुपए कंपनी दे रही है। इसके आलावा इलाज का खर्च भी कंपनी और सरकार वहन करेगी। इस घटना की न्यायिक जांच की घोषणा कर दी गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जो कोई भी दोषी होगा, उसे बक्शा नहीं जाएगा। इस तरीके की घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो इस पर विचार किया जाएगा।

