खबर वर्ल्ड न्यूज-राकेश पांडेय-जगदलपुर। बस्तर लोकसभा में भाजपा प्रत्याशी महेश कश्यप ने चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के कुकानार, तोंगपाल,कोकावाड़ा, डिलमिली सहित विभिन्न गांवों में दौरा एवं जनसंपर्क कर समर्थन मांगा। इस दौरान महेश कश्यप ने कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है, जो जनसेवा के लिए समर्पित है। इस पार्टी का हर सदस्य देश प्रेम एवं राष्ट्र सर्वोपरि की भावना से ओत प्रोत है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा नही होती तो आज पृथक छत्तीसगढ़ राज्य भी नही होता और न ही बस्तर विकास की मुख्य धारा से जुड़ पाता। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने मात्र 100 दिनों में अपने अधिकांश वादे पूरे किए हैं। महेश कश्यप ने कहा कि 19 अप्रैल को अधिक से अधिक संख्या में विकास के लिए मतदान करें और नरेंद्र मोदी को तीसरी बार देश का प्रधानमंत्री बनाएं।
इस दौरान चित्रकोट विधायक विनायक गोयल ने कहा कि पिछले 15 साल में भाजपा सरकार ने छत्तीसगढ़ सहित बस्तर का विकास किया है, वहीं मात्र 05 साल की कांग्रेस सरकार ने केवल भ्रष्टाचार ही किया है। उन्होंने कहा चित्रकोट विधानसभा की जनता ने जैसे भाजपा को जिताकर अपना विधायक बनाया है, उसी तरह भाजपा के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कर महेश कश्यप को सांसद और नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है। इस दौरान शक्ति सिंह चौहान, सुखदेव नाग, विकास भदौरिया, मंगला बघेल, सुनिल गुप्ता, आयतु कोराम, मनीराम, उमा शंकर चक्रधारी, जगतु ठाकुर, सहित अन्य मौजूद थे।

